कलेक्टर श्री तिवारी का सख्त संदेश: पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ,गेहूं परिवहन से लेकर किसान योजनाओं तक की समीक्षा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कलेक्टर श्री तिवारी का सख्त संदेश: पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ,गेहूं परिवहन से लेकर किसान योजनाओं तक की समीक्षा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिले में नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि पात्र हितग्राहियों को किसी भी योजना का लाभ पाने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार तथा अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने संबल योजना के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर देते हुए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा में जारी करने पर विशेष बल दिया, ताकि गर्भवती महिलाओं सहित पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
अवैध कब्जों पर स्वतः दर्ज होंगे प्रकरण
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमांकन के दौरान यदि किसी अन्य भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो अलग से आवेदन की प्रतीक्षा किए बिना स्वतः प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस निर्देश को राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बाणसागर विस्थापितों को जल्द मिलेगी लंबित राशि
बैठक में बाणसागर परियोजना के अंतर्गत शेष विस्थापित परिवारों को भू-अर्जन की लंबित राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पात्र परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।
गेहूं परिवहन और भुगतान पर विशेष फोकस
उपार्जित गेहूं के परिवहन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को परिवहन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मौसम में बदलाव को देखते हुए समितियों को सतर्क रहने और संग्रहित अनाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसानों को उपार्जित गेहूं का भुगतान जल्द से जल्द उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
किसानों की ई-केवाईसी और गिरदावरी कार्य में तेजी
पीएम किसान योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री और फार्मर बकेटिंग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को खाद उपलब्धता की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने तथा राजस्व विभाग को 30 जून से पूर्व जायद फसल की गिरदावरी पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर
मत्स्य, उद्यानिकी, आदिम जाति कल्याण एवं अन्य विभागों की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नए वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों के अनुरूप अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने और पात्र युवाओं एवं हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, जल संसाधन, खनिज, बैंकिंग एवं राजस्व विभागों सहित विभिन्न विभागों के समय-सीमा पत्रों और लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनहित सर्वोपरि, प्रशासनिक कार्यों में नहीं होगी देरी
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का मुख्य फोकस नागरिक सेवाओं की सुगमता, किसानों के हितों की सुरक्षा और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर रहा। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



