पाइपलाइन तोड़ने वाले ठेकेदार पर एफआईआर के निर्देश,लोकसेवा गारंटी में लापरवाही पर दो नायब तहसीलदारों पर लगेगा जुर्माना, कलेक्टर श्री तिवारी ने दिखाई सख्ती
कलयुग की कलम से राकेश यादव

पाइपलाइन तोड़ने वाले ठेकेदार पर एफआईआर के निर्देश,लोकसेवा गारंटी में लापरवाही पर दो नायब तहसीलदारों पर लगेगा जुर्माना, कलेक्टर श्री तिवारी ने दिखाई सख्ती
कलयुग की कलम कटनी – जिले की समय-सीमा बैठक में सोमवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम बरतरा-बरतरी में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में बीएसएनएल के ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा के भीतर सीमांकन प्रकरणों का निराकरण नहीं करने पर दो नायब तहसीलदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर तथा अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सीमांकन प्रकरण लंबित रहने पर कार्रवाई
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा की। समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर नायब तहसीलदार सिंगौड़ी एवं देवराकला राजेन्द्र श्रीवास्तव तथा नायब तहसीलदार अवंतिका तिवारी पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए।
विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में गेहूं उपार्जन, समग्र ई-केवाईसी, जल गंगा संवर्धन अभियान, संबल पंजीयन और प्रभारी मंत्री द्वारा गठित की जाने वाली विभिन्न समितियों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संसाधन, लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा, वन, कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, परिवहन, खनिज सहित कई विभागों की शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।
स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश
एमएसएमई, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और जनजातीय कार्य विभागों को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और स्वीकृत लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि 12 से 14 मई के बीच जिले में 381 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने कार्ड निर्माण अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए।
फार्मर आईडी और राजस्व कार्यों पर विशेष जोर
कलेक्टर ने फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन, बकेटिंग, भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन और सातवीं लघु सिंचाई गणना की समीक्षा की। राजस्व अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जनगणना 2027: मकान सूचीकरण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 1 मई से प्रारंभ मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने चार्ज अधिकारियों को फील्ड भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा तय समय-सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उईके, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक आयुक्त आदिम जाति विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक, जिला रोजगार अधिकारी डी. के. पासी, जिला पंजीयक पंकज कोरी, महाप्रबंधक उद्योग ज्योति सिंह चौहान, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद


