प्रशासनमध्यप्रदेश

बिजली बिल बकायेदारों पर सख्ती के साथ राहत भी: कुदवारी में 30 कनेक्शन कटे, 7.40 लाख बकाया; समाधान योजना से आसान किस्तों में भुगतान का मौका

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिजली बिल बकायेदारों पर सख्ती के साथ राहत भी: कुदवारी में 30 कनेक्शन कटे, 7.40 लाख बकाया; समाधान योजना से आसान किस्तों में भुगतान का मौका

कलयुग की कलम उमरिया पान – मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार बिजली विभाग द्वारा बकाया वसूली के साथ-साथ उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत बम्हनी अंतर्गत ग्राम कुदवारी में विभागीय टीम ने घर-घर पहुंचकर मुख्यमंत्री की समाधान योजना की जानकारी दी और ग्रामीणों को किस्तों में बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया।

अभियान का नेतृत्व कर रहे जे.ई. मजहर अली खान ने बताया कि गांव में कई उपभोक्ता वर्षों से बिजली बिल जमा नहीं कर रहे हैं। लगातार समझाइश के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले 30 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जिन पर लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये बकाया है। वहीं पूरे गांव में करीब 85 कनेक्शन ऐसे हैं, जिन पर कुल मिलाकर लगभग 7 लाख 40 हजार रुपये बिजली बिल लंबित है।

जे.ई. मजहर अली खान ने स्पष्ट रूप से कहा कि “हमारी मंशा किसी भी उपभोक्ता को अंधेरे में रखना नहीं है। सभी उपभोक्ता समाधान योजना का लाभ उठाएं और आसान किस्तों में अपने बकाया बिल का भुगतान करें, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रहे।” उन्होंने यह भी बताया कि विभाग द्वारा लगातार समझाइश देकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे समय रहते बिल जमा कर सकें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बच सकें।

विभागीय टीम की इस पहल की ग्रामीणों द्वारा सराहना भी की जा रही है, क्योंकि अधिकारी मौके पर पहुंचकर न केवल जानकारी दे रहे हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान भी कर रहे हैं। टीम लोगों को यह समझा रही है कि थोड़ी-थोड़ी राशि जमा कर भी बकाया समाप्त किया जा सकता है, जिससे भविष्य में कनेक्शन कटने की नौबत नहीं आएगी।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बकाया राशि जमा नहीं की गई तो शेष उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे जा सकते हैं। इसलिए सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि समय रहते योजना का लाभ उठाएं और नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करें।

इस अभियान में जे.ई. मजहर अली खान के साथ लाइनमैन लक्ष्मण रजक, मीटर रीडर ललित पटेल, प्रीतम साहू, कपिल मिश्रा, अजय पाठक, पवन बर्मन, नरेंद्र पटेल एवं देवेंद्र पटेल सक्रिय रूप से ग्रामीणों को जागरूक करने और योजना का लाभ दिलाने में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button