प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में अपराधियों की खैर नहीं: क्राइम मीटिंग में एसपी की सख्त चेतावनी, ‘जीरो टॉलरेंस’ पर जोर 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में अपराधियों की खैर नहीं: क्राइम मीटिंग में एसपी की सख्त चेतावनी, ‘जीरो टॉलरेंस’ पर जोर 

कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने 24 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की अहम क्राइम मीटिंग ली। बैठक में साफ शब्दों में संदेश दिया गया कि अब अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसपी श्री विश्वकर्मा ने कहा कि अपराधों की रोकथाम पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आगामी रामनवमी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। ग्राम रक्षा समितियों को सक्रिय करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने तथा नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में फरार स्थायी वारंटियों और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश कर उन्हें शीघ्र परिजनों से मिलाने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने लंबित अपराध, शिकायतों, महिला एवं बाल अपराधों सहित अन्य प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मर्ग और माल के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने तथा एमएलसी और पीएम रिपोर्ट को मेडलेपर पोर्टल के माध्यम से समय पर अपडेट करने की बात कही गई।

सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने, अफवाहों को तत्काल रोकने और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही अवैध शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए।

आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाने, अधिक से अधिक बदमाशों को बाउंड ओवर करने और गंभीर अपराधियों की जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही वाहन चेकिंग को सख्त बनाने, अवैध गोवंश परिवहन पर रोक लगाने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत बनाने के साथ ही साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया, ताकि आमजन को इनसे बचाव के प्रति सजग किया जा सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, सीएसपी नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चर्तुवेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे, डीएसपी शिवा पाठक सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button