प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में गूंजा जनता का दर्द: 147 आवेदनों पर सीईओ सख्त, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में गूंजा जनता का दर्द: 147 आवेदनों पर सीईओ सख्त, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी– कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में आम जनता की समस्याओं की गूंज सुनाई दी। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने स्वयं उपस्थित होकर 147 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही कई मामलों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

बकरी पालन ऋण का मामला उठा

ग्राम हीरापुर कौड़िया निवासी शकुंतला चौधरी ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने बकरी पालन के लिए पशुपालन विभाग में ऋण हेतु आवेदन किया था। बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत होने के बावजूद अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई। इस पर सीईओ ने संबंधित विभाग को पात्रता के आधार पर जल्द ऋण दिलाने के निर्देश दिए।

 स्कूल के पास शराब दुकान से ग्रामीण परेशान

ग्राम पंचायत पिपरियाकला के ग्रामीणों ने गांव में स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि शराब दुकान यथार्थ ज्योति इंग्लिश मीडियम स्कूल के पास होने से माहौल खराब हो रहा है। इस पर सीईओ ने जिला आबकारी अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 समग्र आईडी में नाम जोड़ने की गुहार

रीठी निवासी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि कई बार आवेदन देने के बावजूद उनकी पत्नी अंजूलता यादव का नाम समग्र आईडी में नहीं जुड़ पाया है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। इस मामले में जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

 लाड़ली बहना योजना की राशि अटकी

ग्राम कटंगीकला निवासी मुन्नी बाई कोरी ने शिकायत की कि पात्र होने के बावजूद उन्हें पिछले दो माह से लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिली है। इस पर महिला एवं बाल विकास विभाग को तत्काल पात्रतानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पहल से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का बेहतर अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button