ऑटो में सवारी बनकर करते थे बैग चोरी, रीवा के तीन शातिर चोर गिरफ्तार,कटनी पुलिस का बड़ा खुलासा: 3.20 लाख का मशरूका बरामद, वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ऑटो में सवारी बनकर करते थे बैग चोरी, रीवा के तीन शातिर चोर गिरफ्तार,कटनी पुलिस का बड़ा खुलासा: 3.20 लाख का मशरूका बरामद, वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त
कलयुग की कलम कटनी – शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में ऑटो में सवारी बनकर यात्रियों का सामान चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने रीवा जिले के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है।
साजिश के तहत की वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उमेश नामदेव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मार्च को उन्होंने चांडक चौक से एक ऑटो किराए पर लिया था। ऑटो में पहले से तीन युवक बैठे हुए थे। बस स्टैंड पहुंचने पर उन्होंने पाया कि उनके बड़े बैग के अंदर रखा आसमानी रंग का छोटा बैग गायब है। चोरी हुए बैग में एसबीआई पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित 15 हजार रुपये नकद रखे थे।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और उप पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय एवं बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 18 मार्च को घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें बृजेश मिश्रा (21) निवासी अमाहिया, राजकुमार यादव (37) निवासी बैंकट रोड और अज्जू उर्फ अजीजूउदीन अंसारी (31) निवासी अखाड़ा घाट, जिला रीवा शामिल हैं।
3.20 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक सहित 20 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त करीब 3 लाख रुपये कीमत का ऑटो जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, सहायक उप निरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति, दीपेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक सुशील पाण्डे, मनोज पटेल, आरक्षक अनमोल सिंह और मनू त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



