प्रशासनमध्यप्रदेश

गैस उपभोक्ताओं के लिए कड़े निर्देश: अब घर पहुंचेगा सिलेंडर, ई-केवाईसी अनिवार्य — कलेक्टर श्री तिवारी ने एजेंसियों को दी सख्त हिदायत

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गैस उपभोक्ताओं के लिए कड़े निर्देश: अब घर पहुंचेगा सिलेंडर, ई-केवाईसी अनिवार्य — कलेक्टर श्री तिवारी ने एजेंसियों को दी सख्त हिदायत

कलयुग की कलम कटनी -जिले में रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है।

कलेक्टर श्री तिवारी ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि सभी सिलेंडरों की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही सुनिश्चित की जाए। एजेंसी या गोदामों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगे, इसके लिए उपभोक्ताओं को उनके घर तक सिलेंडर की होम डिलीवरी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं से ओटीपी लेना भी आवश्यक बताया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता से निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं ली जाए। यदि इस संबंध में शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही एजेंसी संचालकों और उनके कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था भी तय की गई कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल पर ही की जा सकेगी।

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि यदि कहीं भी एलपीजी गैस का अवैध भंडारण पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में ही किया जा सकेगा, अन्य निजी प्रतिष्ठानों को इसका प्रदाय नहीं किया जाएगा।

बैठक में ऑयल कंपनी की नोडल अधिकारी श्रीमती रेनू वर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी एस.एस. परिहार, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष कुमार शुक्ल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वंदना जैन तथा प्रियंका सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button