प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्राम विकास को नई दिशा देने जुटीं प्रस्फुटन समितियां, क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण में लिया जनजागरण का संकल्प

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम विकास को नई दिशा देने जुटीं प्रस्फुटन समितियां, क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण में लिया जनजागरण का संकल्प

कलयुग की कलम उमरिया पान -विकासखंड ढीमरखेड़ा में ग्राम विकास को गति देने और सामाजिक भागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का त्रैमासिक एक दिवसीय क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल के निर्देश एवं विकासखंड समन्वयक बवीता शाह के मार्गदर्शन में सेक्टर क्रमांक 05 की ग्राम पंचायत भूला के पंचायत भवन में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था प्रयास सेवा संगठन इमलिया के सहयोग से किया गया, जिसमें सेक्टर 05 की विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम विकास, सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी तथा प्रस्फुटन समितियों की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, ग्रामीण समस्याओं को समझने तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। वहीं ब्लॉक समन्वयक बवीता शाह ने जल संरक्षण के महत्व पर विशेष प्रशिक्षण देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जल बचाने के उपायों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान साप्ताहिक बैठकों और श्रमदान को समितियों की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए नियमित गतिविधियों पर जोर दिया गया। परामर्शदाता विनोद सिंह ने कहा कि समितियों को केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहकर धरातल पर सक्रियता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने सफाई अभियान, श्रमदान, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक मुद्दों पर जनजागरण चलाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा और कार्यों के दस्तावेजीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों में जागरूकता अभियान चलाने तथा ग्राम विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, मास्टर ट्रेनर विनोद सिंह और स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही विभिन्न ग्रामों की प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं नवांकुर सखियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में नवांकुर संस्था प्रयास सेवा संगठन इमलिया की ओर से प्रशिक्षण में शामिल समितियों और नवांकुर सखियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Related Articles

Back to top button