प्रशासनमध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बरही आगमन की तैयारियां तेज, विधायक संजय पाठक और कलेक्टर ने किया व्यापक निरीक्षण

कलयुग की कलम से राकेश यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बरही आगमन की तैयारियां तेज, विधायक संजय पाठक और कलेक्टर ने किया व्यापक निरीक्षण

कलयुग की कलम कटनी – प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित बरही प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार 14 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर गुरुवार को विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक और कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने बरही पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता, नगर परिषद बरही अध्यक्ष पियूष अग्रवाल, एसडीओपी विजयराघवगढ़, तहसीलदार बरही आदित्य द्विवेदी, तहसीलदार विजयराघवगढ़ मनीष शुक्ला, जनपद सीईओ विजयराघवगढ़ बृतेश जैन, टीआई बरही अभिषेक चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक और कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान श्री विजयनाथ धाम मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक दीर्घा तथा कृषि और उससे जुड़े विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शन स्टॉलों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही परिसर में बने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया और प्रस्तावित आभार रैली व रोड शो के मार्ग का भी जायजा लिया। कलेक्टर श्री तिवारी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक और कलेक्टर ने बरही के बड़ा तालाब पहुंचकर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जाने वाले तालाब सौंदर्यीकरण कार्य के शुभारंभ स्थल का भी अवलोकन किया। प्रस्तावित आभार रैली और रोड शो बड़ा तालाब से शुरू होकर सुभाष चौक, अमन बुक डिपो और कमानिया गेट होते हुए श्री विजयनाथ धाम मंदिर स्थित सभास्थल तक पहुंचेगा।

Related Articles

Back to top button