जनगणना राष्ट्रीय दायित्व: समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के लिए ढीमरखेड़ा में अधिकारियों की समीक्षा बैठक
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनगणना राष्ट्रीय दायित्व: समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के लिए ढीमरखेड़ा में अधिकारियों की समीक्षा बैठक
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – आगामी जनगणना कार्य को सुचारू, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री यजुवेंद्र कोरी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा अन्य राजस्व अधिकारियों ने जनगणना से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
अधिकारियों ने ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों और पटवारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे पूरी सजगता, सटीकता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य करते हुए समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह त्रुटिरहित हो सके।
बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे सभी को कार्यप्रणाली की बेहतर समझ हो और आंकड़ों का संकलन पूरी शुद्धता के साथ किया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्य कर्मचारियों के लिए अनुभव और दक्षता बढ़ाने का भी एक अच्छा अवसर है।
बैठक के पश्चात जनपद पंचायत के सीईओ श्री यजुवेंद्र कोरी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड तथा लंबित निर्माण कार्यों की ग्राम पंचायतवार प्रगति की जानकारी ली।
सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में तय लक्ष्यों के अनुसार प्रगति सुनिश्चित की जाए। बैठक में ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायक भी उपस्थित रहे।



