जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 176 लोगों ने रखीं समस्याएं अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा ने सुनी शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 176 लोगों ने रखीं समस्याएं अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा ने सुनी शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इस जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा ने कुल 176 आवेदकों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंह उइके और ज्योति लिल्हारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए और बाकी मामलों को प्राथमिकता से हल करने के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
पात्रता पर्ची में नाम जोड़ने का मामला
जनसुनवाई में माधवनगर कटनी के बाबा नारायण शाह वार्ड निवासी अमृतलाल कटारिया ने बताया कि उनकी पत्नी सुशीला देवी कटारिया का नाम पात्रता पर्ची से हट गया है, जिससे उन्हें राशन मिलने में परेशानी हो रही है। इस पर अपर कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को जांच कर पात्रता के आधार पर नाम पुनः जोड़ने के निर्देश दिए।
किसान पंजीयन में आ रही समस्या
ग्राम जोबी कलां निवासी दिनेश चंद्र दुबे ने बताया कि उन्होंने फरवरी माह में किसान पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अभी तक पंजीयन नहीं हो सका है। इससे उन्हें गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराने में कठिनाई हो रही है। इस पर कटनी ग्रामीण तहसीलदार को समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बंद
ग्राम धनवाही, तहसील ढीमरखेड़ा निवासी जितेंद्र कुमार गर्ग ने आवेदन देकर बताया कि फरवरी 2021 से उनकी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि आना बंद हो गई है। कई बार पटवारी से संपर्क करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर अपर कलेक्टर ने ढीमरखेड़ा तहसीलदार को पात्रता के अनुसार शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
आवास की मांग
जनसुनवाई में ग्राम टोला, तहसील ढीमरखेड़ा निवासी सत्य कुमार मिश्रा ने बताया कि उनका घर कच्चा है और वे तिरपाल डालकर उसमें रह रहे हैं। बारिश के समय घर में पानी भर जाता है, जिससे काफी परेशानी होती है। कई बार आवेदन देने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। इस पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ को जांच कर पात्रता के आधार पर आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए।
अपर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो।



