प्रशासनमध्यप्रदेश

रंगों में सराबोर सिलौंडी: उत्साह, परंपरा और भाईचारे के साथ धूमधाम से मना होली का पर्व

कलयुग की कलम से राकेश यादव

रंगों में सराबोर सिलौंडी: उत्साह, परंपरा और भाईचारे के साथ धूमधाम से मना होली का पर्व

कलयुग की कलम सिलौंडी -रंगों का पावन पर्व होली सिलौंडी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे दिन मोहल्लों, गलियों और चौक-चौराहों पर रंगों की फुहारें उड़ती रहीं और “होली है” के उल्लासपूर्ण स्वर वातावरण में गूंजते रहे।

त्योहार के दौरान चौकी प्रभारी अनिल पांडे के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में लगातार गश्त करता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।

होली को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। डीजे और ढोल की थाप पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। वहीं बुजुर्गों और बड़े-बुजुर्गों ने परंपरागत रूप से अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया और एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं।

ग्राम कुंसरी में हर वर्ष की तरह इस बार भी विशेष फाग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रकाश सिंह बागरी और सरपंच आशा बागरी के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रसिद्ध गायकों ने फाग गीत प्रस्तुत किए। पारंपरिक नृत्य और फाग गीतों ने लोगों का मन मोह लिया।

इसी तरह सिलौंडी, कटी खेड़ा और खेरमता क्षेत्रों में भी फाग गीतों और पारंपरिक होली कार्यक्रमों की धूम रही। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक साथ भाग लेकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। युवाओं और बच्चों ने “होली खेलें रघुवीरा अवध में” जैसे पारंपरिक होली गीतों पर जमकर नृत्य कर माहौल को और भी रंगीन बना दिया।

इस अवसर पर बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व प्रेम, अपनत्व और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे से प्रेमपूर्वक मिलें और समाज में एकता बनाए रखें। साथ ही नशे से दूर रहकर सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का संदेश भी दिया।

होली पर्व पर जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, सरपंच संतोष कुमार, उपसरपंच राहुल राय, कछार गांव बड़ा के सरपंच कैलाश चंद्र जैन, खमरिया बागरी के सरपंच अनिल सिंह बागरी, लालपुर की सरपंच मीना मोहन बागरी, दशरमन की सरपंच सीमा भरत शुक्ला, गुड़ा सरपंच संकेत लोनी तथा समाजसेवी अनिल पांडे सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।

पूरे क्षेत्र में प्रेम, श्रद्धा और भाईचारे के वातावरण में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बाजारों और मोहल्लों में युवाओं की टोलियां रंगों में सराबोर होकर नाचते-गाते नजर आईं, जिससे पूरा क्षेत्र होली के रंगों में रंगा दिखाई दिया।

Related Articles

Back to top button