रंगों में घुली खुशियां: कलेक्टर श्री तिवारी के संग बच्चों ने खेली यादगार होली आसरा बाल गृह के नन्हे-मुन्नों ने कलेक्टर S.P.अन्य अधिकारियों को किया रंगों से सराबोर, पिचकारियों और पकवानों से सजा रंगोत्सव
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रंगों में घुली खुशियां: कलेक्टर श्री तिवारी के संग बच्चों ने खेली यादगार होली
आसरा बाल गृह के नन्हे-मुन्नों ने कलेक्टर S.P.अन्य अधिकारियों को किया रंगों से सराबोर, पिचकारियों और पकवानों से सजा रंगोत्सव
कलयुग की कलम कटनी -रंगों के पावन पर्व होली पर इस बार खुशियों का नजारा कुछ खास रहा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी बच्चों के बीच पहुंचकर खुद भी बच्चा बन गए। शहर स्थित आसरा बाल गृह के बच्चों को कलेक्टर निवास पर विशेष आमंत्रण दिया गया, जहां रंग, गुलाल और पिचकारियों की फुहारों के बीच जमकर होली खेली गई।

नटखट बच्चों की टोली ने कलेक्टर को रंगों से सराबोर कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले इस रंगोत्सव में हंसी-ठिठोली, उमंग और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बच्चों की मुस्कान ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
होली के इस खास आयोजन में बच्चों के लिए पारंपरिक और चटपटे व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। गुझिया, जलेबी, खस्ता-कचौड़ी, आलू टिकिया-मटर चाट, पानी पूरी और आइसक्रीम सहित विभिन्न स्वादिष्ट पकवानों का बच्चों ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया, विजयराघवगढ़ एसडीएम विवेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, तहसीलदार अजीत तिवारी सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने बच्चों के साथ होली खेलकर उनकी खुशियों में सहभागिता निभाई।

बच्चों की मुस्कान ने दोगुना किया पर्व का उत्साह
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि बच्चों के साथ त्योहार मनाने से पर्व की सच्ची अनुभूति होती है। बच्चों की खुशी ही सबसे बड़ा उपहार है। अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ रंगों में सराबोर होकर होली का आनंद उठाया।
आसरा बाल गृह के संचालक एवं कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
रंगों, उमंग और अपनत्व से सजा यह आयोजन बच्चों के लिए अविस्मरणीय बन गया। होली का यह रंगोत्सव न केवल रंगों से, बल्कि संवेदनाओं और स्नेह से भी सराबोर नजर आया।



