प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार: 370 किलो महुआ लाहन और 72 पाव देशी मदिरा जब्त आबकारी विभाग की दो स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश, 11 प्रकरण दर्ज

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार: 370 किलो महुआ लाहन और 72 पाव देशी मदिरा जब्त आबकारी विभाग की दो स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश, 11 प्रकरण दर्ज

कलयुग की कलम कटनी -जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में महुआ लाहन, हाथ भट्टी शराब और देशी मदिरा जब्त की गई है।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशाराम उइके के नेतृत्व में वृत्त कटनी क्रमांक-02 की संयुक्त टीम ने ग्राम अधारकाप में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 8 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और प्लास्टिक के गुम्मों में भरा 370 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क एवं 34(1)च के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त महुआ लाहन का नमूना सुरक्षित कर शेष सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई में वृत्त प्रभारी विजयराघवगढ़ केशव उइके के नेतृत्व में जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्राम मझगवां, खजुरा एवं गुड़ेहा में सघन गश्त एवं दबिश दी गई। इस दौरान 35 पाव प्लेन और 38 पाव मसाला सहित कुल 72 पाव देशी मदिरा जब्त की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मरकाम ने बताया कि जिले के सभी वृत्तों में अवैध हाथ भट्टी शराब निर्माण वाले क्षेत्रों की पहचान कर लगातार निगरानी, गश्त और दबिश की जा रही है। विभाग का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

इन कार्रवाइयों में वृत्त क्रमांक-02 से सहायक जिला आबकारी अधिकारी मानसराम उइके, वृत्त प्रभारी अतुल कुटार, आबकारी उपनिरीक्षक आंचल प्रजापति, आरक्षक राजेश गौंटिया एवं राम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं विजयराघवगढ़ वृत्त की कार्रवाई में वृत्त प्रभारी केशव उइके और आरक्षक चंद्रप्रकाश त्रिपाठी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button