मध्यप्रदेशस्पोर्ट्स

वानखेड़े में गरजा भारत, अमेरिका पर 29 रन की जीत से वर्ल्ड कप का धमाकेदार आगाज़

कलयुग की कलम से राकेश यादव

वानखेड़े में गरजा भारत, अमेरिका पर 29 रन की जीत से वर्ल्ड कप का धमाकेदार आगाज़


कलयुग की कलम उमरिया पान -टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया ने अपने इरादे साफ कर दिए। खचाखच भरे वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने अमेरिका को 29 रनों से शिकस्त देकर न सिर्फ टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की, बल्कि लगातार 9 टी20 वर्ल्ड कप मैच जीतने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज करा लिया। मैच के दौरान स्टेडियम में हर ओर “इंडिया-इंडिया” के नारों की गूंज सुनाई देती रही।


संकट में ‘स्काई’ बने भरोसे का आसमान


टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत लड़खड़ाती रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभालते हुए पारी को संभाला।
सूर्या ने अपने चिरपरिचित अंदाज़ में चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और मात्र 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 161 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।


गेंदबाजों ने बिछाया जीत का जाल


162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शुरुआती ओवरों में अहम विकेट लेकर विपक्ष को बैकफुट पर धकेल दिया।
इसके बाद अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके। अमेरिकी टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।


लगातार जीत का नया कीर्तिमान


इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 9 मुकाबले जीतने का नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया, जो टीम की गहराई और संतुलन को दर्शाता है।


कप्तान का भरोसेमंद बयान


मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“घरेलू दर्शकों के सामने वर्ल्ड कप की शुरुआत जीत से करना हमेशा खास होता है। रिकॉर्ड्स बनते और टूटते रहते हैं, लेकिन हमारी नजर सिर्फ ट्रॉफी पर टिकी है।”

Related Articles

Back to top button