प्रशासनमध्यप्रदेश

सीएम हेल्पलाइन में कटनी का परचम, फिर टॉप–5 में जगह शिकायतों के समाधान में जिला प्रशासन की बड़ी उपलब्धि, पुलिस–नगर निगम–जिला पंचायत को भी ए ग्रेड

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सीएम हेल्पलाइन में कटनी का परचम, फिर टॉप–5 में जगह शिकायतों के समाधान में जिला प्रशासन की बड़ी उपलब्धि, पुलिस–नगर निगम–जिला पंचायत को भी ए ग्रेड

कलयुग की कलम कटनी –आमजन की समस्याओं के त्वरित और संतोषजनक समाधान के मामले में कटनी जिले ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का लोहा मनवाया है। सीएम हेल्पलाइन की दिसंबर माह की राज्य स्तरीय समीक्षा में कटनी जिला प्रथम समूह के 28 जिलों में शामिल होकर टॉप–5 में स्थान बनाने में सफल रहा है। 82.83 वेटेज स्कोर के साथ जिले ने ए ग्रेड प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है।

यह उपलब्धि कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के सतत अनुश्रवण, नियमित समीक्षा और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली का नतीजा मानी जा रही है। जिले में दिसंबर माह के दौरान प्राप्त कुल 8,888 शिकायतों के प्रभावी निराकरण के आधार पर यह रैंकिंग जारी की गई है। उल्लेखनीय है कि कटनी जिला लगातार पिछले 18 महीनों से प्रदेश के अग्रणी पांच जिलों में बना हुआ है, जो प्रशासनिक संवेदनशीलता और जवाबदेही का प्रमाण है।

अधिकारियों को और बेहतर करने के निर्देश

इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला प्रशासन के सभी विभागों की सराहना करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो।

पुलिस, नगर निगम और जिला पंचायत का भी शानदार प्रदर्शन

सीएम हेल्पलाइन के तहत विभागीय प्रदर्शन में भी कटनी जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

पुलिस विभाग ने दिसंबर माह में प्राप्त 836 शिकायतों के निराकरण के आधार पर 52.39 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड प्राप्त करते हुए प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया।

जिला पंचायत ने 1,129 शिकायतों के समाधान के साथ 85.81 वेटेज स्कोर अर्जित कर ए ग्रेड में आठवां स्थान प्राप्त किया।

वहीं नगर निगम कटनी ने 574 शिकायतों के समाधान में 92.23 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड प्राप्त करते हुए प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया।

कलेक्टर श्री तिवारी ने पुलिस, नगर निगम एवं जिला पंचायत सहित सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई है।

Related Articles

Back to top button