आसरा बाल गृह में खुशियों के रंग, सीईओ ने बच्चों संग मनाया नववर्ष और जन्मदिवस
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आसरा बाल गृह में खुशियों के रंग, सीईओ ने बच्चों संग मनाया नववर्ष और जन्मदिवस
कलयुग की कलम कटनी -नव वर्ष का पहला दिन आसरा बाल गृह में रहने वाले बच्चों के लिए यादगार बन गया। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने यहां पहुंचकर बच्चों के साथ नव वर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और बाल गृह में निवासरत सात बच्चों के जन्मदिवस को केक काटकर मनाया।
नववर्ष के अवसर पर सावन, ऋषि, पवन, रघुवीर बर्मन, संजय कुशवाहा, आर्यन एवं शिवम गोस्वामी के जन्मदिन को सामूहिक रूप से मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री वनश्री कुर्वेती भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों की मौजूदगी से बच्चों की खुशियां दोगुनी हो गईं और पूरा परिसर उल्लास से भर उठा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री कौर ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, दिनचर्या, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं रुचियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक बताया कि वे बड़े होकर सैनिक और पुलिस अधिकारी बनना चाहते हैं। इस पर सीईओ ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन, पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नव वर्ष के उपलक्ष्य में बच्चों ने अपने नन्हे हाथों से बनाए गए रंग-बिरंगे ग्रीटिंग कार्ड सुश्री कौर को भेंट किए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति भी दी, जिसकी उपस्थित अधिकारियों ने सराहना की। अंत में बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।



