उमरियापान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शासकीय अस्पताल से स्कूटी चोरी और सामुदायिक भवन से खाद-गेहूं चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शासकीय अस्पताल से स्कूटी चोरी और सामुदायिक भवन से खाद-गेहूं चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
कलयुग की कलम उमरिया पान-थाना उमरियापान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शासकीय अस्पताल उमरियापान परिसर से एक्टिवा स्कूटी चोरी करने तथा उसी स्कूटी का उपयोग कर सामुदायिक मंगल भवन मंगेला से शासकीय खाद एवं गेहूं चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष कुमार श्रीवास निवासी सिलौड़ी, थाना ढीमरखेड़ा ने थाना उमरियापान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 25 नवंबर 2025 को वह अपनी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP20 SK 2747 से शासकीय अस्पताल उमरियापान इलाज हेतु आया था, जिसे अज्ञात चोर अस्पताल परिसर से चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना उमरियापान में अपराध क्रमांक 435/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
इसी क्रम में प्रार्थी अतुल गर्ग निवासी विछिया ने दिनांक 20 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि सामुदायिक मंगल भवन मंगेला में रखी शासकीय खाद की 31 बोरी एवं गेहूं की 20 बोरी दिनांक 4 से 18 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। इस पर अपराध क्रमांक 440/25 धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की तत्परता से खुला मामला
पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद सुश्री आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सघन पतासाजी के दौरान पुलिस ने गोपी उर्फ शनि कोल (19 वर्ष) एवं अजय कोल (19 वर्ष) दोनों निवासी मंगेला देवरी, थाना उमरियापान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने शासकीय अस्पताल से स्कूटी चोरी करना तथा उसी स्कूटी से सामुदायिक भवन मंगेला से खाद-गेहूं चोरी करना स्वीकार किया।
बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से—चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी गेहूं की 20 बोरी शासकीय खाद की 31 बोरी कुल अनुमानित कीमत ₹1,43,700 की सामग्री बरामद की गई है।
थाना प्रभारी दिनेश तिवारी की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश तिवारी की सतर्कता, नेतृत्व क्षमता एवं त्वरित निर्णय की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। उनके कुशल मार्गदर्शन में टीम ने अल्प समय में चोरी की दोनों घटनाओं का सफल खुलासा कर पुलिस की कार्यकुशलता का परिचय दिया।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भरत सिंह मार्को, सउनि कोदूलाल दाहिया, एएसआई गया प्रसाद मंगोरे, प्र.आर. जितेन्द्र सिंह, अजय तिवारी, आशीष झारिया, अजय सिंह, योगेन्द्र सिंह, आरक्षक योगेश पटेल, नीलेश पटेल, रोहित झारिया, मोहन मुबेल, जगन्नाथ सिंह, अनिल पांडेय, मनोज कुम्हरे, सतेन्द्र चौरसिया, महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला एवं सैनिक संतोष दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



