प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान का मंच बना सांसद खेल महोत्सव कटनी मुड़वारा और विजयराघवगढ़ में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य समापन

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान का मंच बना सांसद खेल महोत्सव कटनी मुड़वारा और विजयराघवगढ़ में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य समापन

कलयुग की कलम कटनी -खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कटनी मुड़वारा एवं विजयराघवगढ़ में आयोजित विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का समापन उत्साह, रोमांच और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कटनी मुड़वारा में एसीसी केल्ड्रीज रिफ्रेक्ट्री खेल मैदान तथा विजयराघवगढ़ में डीएवी स्कूल खेल मैदान पर आयोजित समापन समारोहों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया।

दोनों कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा रहे। विजयराघवगढ़ में विधायक श्री संजय सत्येन्द्र पाठक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित यह महोत्सव ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम बना है। उन्होंने बताया कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के फाइनल मुकाबले पन्ना एवं खजुराहो में होंगे तथा 25 दिसंबर, अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर पन्ना में आयोजित होने वाले भव्य समापन समारोह में ओलंपियन श्री अशोक ध्यानचंद सहित कई प्रतिष्ठित खेल हस्तियां मौजूद रहेंगी।

विजयराघवगढ़ में विधायक श्री संजय पाठक ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन ने कहा कि कटनी जिले को सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत की मेजबानी मिलना गौरव का विषय है और इससे स्थानीय खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। समापन अवसर पर महिला कबड्डी के रोमांचक मुकाबले दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कटनी में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। विजयराघवगढ़ में भी जनप्रतिनिधियों, जनपद एवं नगर परिषद पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय मौजूदगी रही।

शतरंज ने बटोरी खास सुर्खियां

कटनी में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत शतरंज प्रतियोगिता को भी विशेष रूप से शामिल किया गया। दुर्गा चौक स्थित मंगलम गार्डन में आयोजित चेस टूर्नामेंट के दौरान सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा स्वयं खिलाड़ियों के बीच पहुंचे, उनका उत्साह बढ़ाया और बच्चों से शतरंज के गुर भी सीखे। उन्होंने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना की।

खेलों से फिटनेस का संदेश

महोत्सव के दौरान कबड्डी, खो-खो, जूडो, वेटलिफ्टिंग, शतरंज सहित कई खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूली छात्रों ने खेलों के माध्यम से फिट रहने का संदेश देता नाट्य मंचन प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस आयोजन को सफल बनाने में सांसद खेल महोत्सव के जिला सह-संयोजक श्री सुनील उपाध्याय, मुड़वारा विधानसभा संयोजक रणवीर कर्ण, विजयराघवगढ़ विधानसभा संयोजक मनीष देव मिश्रा सहित समस्त संयोजक, सह-संयोजक, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस एवं प्रशासनिक अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन कटनी में सुनील उपाध्याय एवं विजयराघवगढ़ में मनीष देव मिश्रा ने किया।

Related Articles

Back to top button