कटनी में गरिमा के साथ मना 79वां होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कलेक्टर तिवारी ने किया परेड का निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में गरिमा के साथ मना 79वां होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कलेक्टर तिवारी ने किया परेड का निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
कलयुग की कलम कटनी – होमगार्ड कार्यालय झिंझरी परिसर में शुक्रवार को 79वां होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस उत्साह एवं अनुशासन की अनूठी छवि के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री आशीष तिवारी मुख्य अतिथि तथा पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। लेफ्टीनेंट कर्नल श्री दुबे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया की विशेष उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
जिला कमाण्डेंट श्री राजेन्द्र सिंह बघेल द्वारा अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ से किया गया। इसके बाद परेड कमाण्डर श्री विजयांश चौधरी के नेतृत्व में आकर्षक परेड एवं मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर तिवारी द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा गृह मंत्री भारत सरकार श्री अमित शाह एवं डीजी होमगार्ड-सिविल डिफेंस भोपाल का संदेश वाचन किया गया।

उत्कृष्ट उपलब्धियों पर सम्मान
शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सैनिक रोशन सिंह के पुत्र विनायक प्रताप सिंह (10वीं में 93%) को ₹5,000 का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र तथा सैनिक हरिहर दुबे की पुत्री शालिनी दुबे (बीसीए में 79%) को ₹10,000 का चेक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
आपदा प्रबंधन में साहसिक कार्य कर जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू करने वाले जवानों—प्लाटून कमाण्डर विजयांश चौधरी, हवलदार अनुदेशक ममता गोंड़, सैनिक विवेक विश्वकर्मा, भरत मिश्रा, ज्ञानेन्द्र सिंह, उमेश मिश्रा, प्रेमलाल यादव, रोशन सिंह एवं धनेन्द्र त्रिपाठी—को भी सम्मानित किया गया। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रस्साकसी, अंताक्षरी और कुर्सी दौड़ जैसे मनोरंजन कार्यक्रमों ने समारोह में ऊर्जा भर दी।रस्साकसी – सिविल डिफेंस टीम “ए” विजेता कुर्सी दौड़ (छात्र) – प्रथम सुश्री के. नव्या राव, द्वितीय सुश्री सरस्वती यादव, तृतीय सुश्री खुशी यादव कुर्सी दौड़ (महिला होमगार्ड) – प्रथम ममता गोंड़, द्वितीय साधना दुबे अंताक्षरी – टीम “ए” विजेता
कार्यक्रम में सुश्री दुर्गा सेठिया ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया, सुश्री कृति राठिया ने स्वर-गायन से समां बांधा तथा मानव जीवन विकास समिति के सदस्यों ने संगीत की प्रस्तुतियां दीं। पुरस्कार वितरण जिला कमाण्डेंट श्री बघेल सहित रिचा दुबे, डॉ. श्रद्धा वर्मा एवं श्रीमती रीना मिश्रा ने किया। मंच संचालन निधि चतुर्वेदी द्वारा किया गया।जवानों, विद्यार्थियों व सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को मिष्ठान व भोजन वितरण के साथ समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




