मध्यप्रदेश
कटनी जिले में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा, मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री दिलीप यादव ने किया ध्वजारोहण
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी

कटनी- देश की स्वतंत्रता का पर्व 15 अगस्त को जिले भर में हर्षोल्लास, धूमधाम और उत्साह से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जिले का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में आयोजित किया गया। जहां भव्य एवं गरिमामय समारोह में कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि श्री यादव ने खुली सफेद जिप्सी में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के साथ परेड का निरीक्षण किया। यहां पहली बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए पुलिस लाइन मैदान में बड़े-बड़े एलईडी स्क्रीन लगाये गये थे। सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किए गए और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। मुख्य अतिथि श्री यादव ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे गगन में मुक्त किए।
समारोह में सुरक्षा बलों द्वारा आकर्षक और शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। परेड कमांडर प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक और सेकेण्ड इन कमांडर अंजू लकड़ा के नेतृत्व में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष और जिला पुलिस बल महिला, होमगार्ड, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनसीसी एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय की एनसीसी गर्ल्स, वार्डस्ले स्कूल गाइड, वार्डस्ले स्कूल स्काउट, सीएम राइज स्कूल के स्काउट एवं गाइड सहित पुलिस बैंड दल, शौर्या दल की प्लाटून शामिल थीं।
उत्कृष्ट परेड पर ये हुए पुरस्कृत
समारोह स्थल में प्रदर्शित किए गए परेड के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा दिये गए निर्णय के आधार पर परेड ग्रुप ए में जिला पुलिस बल (पुरूष) को प्रथम, विशेष सशस्त्र बल 18वीं बटालियन और जिला पुलिस बल महिला को संयुक्त रूप से द्वितीय और नगर सेना कटनी होमगार्ड को तृतीय स्थान मिला। वहीं परेड ग्रुप बी में शासकीय कन्या महाविद्यालय एनसीसी को प्रथम, वार्डस्ले इंग्लिश मीडियम स्कूल गाइड को द्वितीय और वार्डस्ले इंग्लिश मीडियम स्कूल स्काउट को तृतीय स्थान मिला।
आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा समूह नृत्य प्रतियोगिता में वार्डस्ले इंग्लिश मीडियम स्कूल कटनी को प्रथम स्थान, सांदीपनि विद्यालय झिंझरी को द्वितीय स्थान और डीपीएस स्कूल कटनी को तृतीय स्थान मिला।
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों की कुशलक्षेम जानी।




