Blog

जबलपुर में केंद्रीय मंत्री के साथ धक्कामुक्की करने वाले 4 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत, अन्य आरोपियों पर पुलिस ने चुप्पी साधी

कलयुग की कलम से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

बलपुर- केंद्रीय मंत्री व भाजपा के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव के साथ पार्टी कार्यालय में शनिवार को हुई धक्कामुक्की के मामले में लॉर्डगंज पुलिस ने चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को शाम को कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत मिल गई। उधर, हंगामें की आशंका के चलते रविवार को भाजपा कार्यालय और मीडिया सेंटर में पुलिस बल तैनात रहा।
शनिवार को केंद्रीय मंत्री यादव चुनावी तैयारी की बैठक के लिए जबलपुर आए थे। रानीताल स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय में जैसे ही पहुंचे, बड़ी संख्या में पार्टी के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। वे जबलपुर उत्तर मध्य सीट से अभिलाष पाण्डेय को टिकट दिए जाने से नाराज थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री को धकियाया और राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार के गनमैन की पिटाई की। इस मामले में शनिवार को गनमैन रामपुरी गोस्वामी की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट व शासकीय कार्य में बाधा सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया था। शिकायत में नामजद किए गए बब्लू जायसवाल, राघव जायसवाल, तरुण शुक्ला और गौरव गोस्वामी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों के बारे में पुलिस ने चुप्पी साध रखी है।

पुलिस सुरक्षा के घेरे में भाजपा कार्यालय

भाजपा में टिकट वितरण को लेकर मचे घमासान का आलम यह है कि रविवार को पार्टी के संभागीय कार्यालय सहित मीडिया सेंटर पुलिस सुरक्षा के घेरे में रहे। किसी ने दोपहर सिविक सेंटर स्थित नव स्थापित मीडिया सेंटर में हंगामा होने की सूचना दे दी तो पुलिस अधिकारियों के साथ कई थानों का बल वहां पहुंच गया। इस रूट को भी घंटों बंद रखा गया। वहीं, उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

कार्रवाई से बच रही पार्टी

राष्ट्रीय सुर्खियां बनीं जबलपुर की बगावत और भाजपा कार्यालय को नाराज कार्यकर्ताओं के हाइजैक करने के मामले में 24 घंटे बाद भी किसी पर पार्टी स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई है। जिस समय यह हंगामा हुआ था, भाजपा के जबलपुर संभाग के पदाधिकारियों के साथ ही जबलपुर चुनाव प्रभारी राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार, जिला अध्यक्ष प्रभात साहू भी मौजूद रहे। आक्रोशित कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां भी की थी। अध्यक्ष साहू का कहना है कि पूरा विवाद राज्य नेतृत्व के संज्ञान में है और कार्रवाई का निर्णय वहीं से होगा।

पाक-अफगानिस्तान से नहीं आया : पांडेय

जबलपुर उत्तर-मध्य से प्रत्याशी बनाए गए अभिलाष पाण्डेय ने रविवार को बाहरी के आरोपों और असंतोष पर जवाब दिया। मीडिया सेंटर में पत्रकारवार्ता कर उन्होंने कहा कि वे बाहरी कैसे हो गए, कोई पाकिस्तान या अफगानिस्तान से आए नहीं हैं। इसी क्षेत्र के मालवीय चौक में धरना-प्रदर्शन करते रहे और पुलिस की लाठियां खाकर पैर तक तुड़वा बैठे थे। बाहरी कहना गलत है। उन्होंने कहा कि नाराजगी नहीं है, घर की बात है सुलझा लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button