प्रशासनमध्यप्रदेश

41% ज्यादा गेहूं खरीदी का रिकॉर्ड, किसानों के खातों में पहुंचे 278 करोड़ से अधिक,गेहूं उपार्जन में ढीमरखेड़ा सबसे आगे, जिले में 1.97 लाख मीट्रिक टन से अधिक खरीदी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

41% ज्यादा गेहूं खरीदी का रिकॉर्ड, किसानों के खातों में पहुंचे 278 करोड़ से अधिक,गेहूं उपार्जन में ढीमरखेड़ा सबसे आगे, जिले में 1.97 लाख मीट्रिक टन से अधिक खरीदी

कलयुग की कलम उमरिया पान – रबी विपणन वर्ष 2026-27 में कटनी जिले ने गेहूं उपार्जन के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अब तक 41 प्रतिशत अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है। समर्थन मूल्य पर हुई इस बड़ी खरीदी से जिले के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिला है और अब तक 278 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

जिले में 15 अप्रैल से शुरू हुई समर्थन मूल्य खरीदी के तहत अब तक 36 हजार 922 किसानों से 1 लाख 97 हजार 246 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है। प्रशासन द्वारा खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को किसानों के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को समय पर राशि मिल सके।

गेहूं उपार्जन में ढीमरखेड़ा बना नंबर वन

जिले में सबसे अधिक गेहूं खरीदी का रिकॉर्ड तहसील ढीमरखेड़ा के नाम दर्ज हुआ है। यहां अब तक 8 हजार 214 किसानों से 35 हजार 409 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। इसके साथ ही ढीमरखेड़ा जिले में उपार्जन के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

दूसरे स्थान पर बहोरीबंद तहसील रही, जहां 5 हजार 269 किसानों से 32 हजार 641 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। विजयराघवगढ़ तहसील में 5 हजार 262 किसानों से 31 हजार 347 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हुआ है।

स्लीमनाबाद तहसील में 3 हजार 792 किसानों से 23 हजार 371 मीट्रिक टन तथा रीठी तहसील में 3 हजार 818 किसानों से 22 हजार 706 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।

कटनी एवं कटनी नगर तहसील में कुल 3 हजार 300 किसानों से 18 हजार 513 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई, जबकि बरही तहसील में 3 हजार 183 किसानों से 17 हजार 173 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। बड़वारा तहसील में 4 हजार 84 किसानों से 16 हजार 86 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन दर्ज किया गया।

खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए विशेष इंतजाम

प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। केंद्रों पर छायादार बैठने की व्यवस्था, पेयजल, तौल कांटे, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट और गुणवत्ता परीक्षण उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा गेहूं की साफ-सफाई के लिए पंखा और छन्ना जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

समर्थन मूल्य के साथ मिल रहा बोनस

इस वर्ष किसानों से गेहूं की खरीदी 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर की जा रही है। इसके साथ राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है। इस तरह किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिल रहा है। प्रशासन ने किसानों से साफ और गुणवत्तायुक्त गेहूं खरीदी केंद्रों पर लाने की अपील की है ताकि उपार्जन प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके।

Related Articles

Back to top button