प्रशासनमध्यप्रदेश

एक क्लिक की सावधानी, साइबर ठगी से आज़ादी” — जिला पंचायत सीईओ की अपील, सेफ क्लिक 2.0 अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश,1930 हेल्पलाइन और साइबर जागरूकता अभियान के व्यापक प्रचार पर जोर, विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं को दिलाई जाएगी डिजिटल सुरक्षा की शपथ

कलयुग की कलम से राकेश यादव

“एक क्लिक की सावधानी, साइबर ठगी से आज़ादी” — जिला पंचायत सीईओ की अपील, सेफ क्लिक 2.0 अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश,1930 हेल्पलाइन और साइबर जागरूकता अभियान के व्यापक प्रचार पर जोर, विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं को दिलाई जाएगी डिजिटल सुरक्षा की शपथ

कलयुग की कलम कटनी – बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिले में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा की शपथ भी दिलाई जाए। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए।

जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

सीईओ सुश्री कौर ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है। उन्होंने बताया कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देकर साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene) को बढ़ावा देना है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ओटीपी, बैंक पिन, सीवीवी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें, चाहे वह स्वयं को बैंक, सरकारी संस्था या किसी अन्य संगठन का प्रतिनिधि ही क्यों न बताए।

साइबर अपराध होने पर तुरंत करें शिकायत

जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी घटना की जानकारी उपलब्ध कराए।

उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज का प्रत्येक जागरूक नागरिक साइबर अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार से ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Related Articles

Back to top button