बड़ा सपना देखो, अनुशासन और मेहनत से उसे सच करो,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, सफलता के बताए अचूक मंत्र
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़ा सपना देखो, अनुशासन और मेहनत से उसे सच करो,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, सफलता के बताए अचूक मंत्र
25 जून कटनी म.प्र
कलयुग की कलम कटनी – जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करना है तो बड़ा सपना देखिए, लक्ष्य तय कीजिए और उसे पाने के लिए पूरी लगन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ जुट जाइए। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और अच्छे कार्यों की निरंतरता ही सफलता की असली कुंजी है।”
यह प्रेरणादायी बातें जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने “स्कूल चलें अभियान” के तहत आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के द्वितीय चरण में शासकीय माध्यमिक शाला बरगवां पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान कहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ, पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर जिला पंचायत सीईओ का आत्मीय स्वागत किया।
करीब एक घंटे तक बनीं शिक्षिका, बच्चों को दिया सफलता का पाठ
विद्यालय पहुंची जिला पंचायत सीईओ ने लगभग एक घंटे तक विद्यार्थियों के बीच शिक्षिका और मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों से सहज और आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, सपनों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
जब उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो किसी ने डॉक्टर, किसी ने पुलिस अधिकारी तो किसी ने कलेक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सुश्री कौर ने प्रशासनिक सेवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च पदों तक पहुंचने की प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।
“हर दिन का एक अच्छा काम बदल सकता है आपका जीवन”
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक बदलाव किसी बड़े अवसर से नहीं, बल्कि प्रतिदिन किए गए छोटे-छोटे अच्छे कार्यों से आते हैं। यदि विद्यार्थी रोज कुछ नया सीखने, अच्छा करने और स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करें तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी।
उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता है। इसलिए शिक्षा को केवल परीक्षा पास करने का माध्यम न मानें, बल्कि अपने व्यक्तित्व और भविष्य को संवारने का सबसे मजबूत आधार समझें।
ज्ञानवर्धक प्रश्नों से परखी बच्चों की प्रतिभा
संवाद के दौरान सुश्री कौर ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे। उन्होंने वंदे मातरम् के रचयिता, भारत के राज्यों की संख्या, प्रमुख नदियों, राष्ट्रपति, राष्ट्रगान के लेखक, पहाड़ों, एशिया महाद्वीप तथा भारत के मानचित्र में मध्यप्रदेश की स्थिति जैसे विषयों पर सवाल किए।
बच्चों ने भी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए। हर सही उत्तर पर तालियों की गूंज से पूरा कक्ष उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
जिला पंचायत सीईओ ने विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की जानकारी प्राप्त की तथा छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप टॉफियां और नोटबुक वितरित कीं। उन्होंने स्वयं तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मेहनत, अनुशासन और नियमित पढ़ाई ही सफलता का सूत्र
कार्यक्रम के दौरान जब विद्यार्थियों से सफलता के मूल मंत्र के बारे में पूछा गया तो बच्चों ने मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई को आवश्यक बताया। इस पर सुश्री कौर ने कहा कि यही तीन गुण किसी भी व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाने का सबसे मजबूत आधार हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं शाला परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति गंभीरता का संचार किया।



