पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसुनवाई में उमड़ा जनविश्वास, 35 शिकायतों पर पुलिस ने दिखाई तत्परता
कलयुग की कलम से राकेश यादव

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसुनवाई में उमड़ा जनविश्वास, 35 शिकायतों पर पुलिस ने दिखाई तत्परता
कलयुग की कलम कटनी -आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम कटनी के सभागार में जनसुनवाई संपन्न हुई। यह जनसुनवाई पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य उपस्थित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने एक-एक कर आवेदकों की शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। अधिकारियों ने आवेदकों को आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष जांच कर समय-सीमा के भीतर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनसुनवाई में कुल 35 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आपसी एवं पारिवारिक विवाद, लेन-देन से संबंधित मामले, भूमि व प्लॉट विवाद, धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित अन्य पुलिस से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, वहीं शेष प्रकरणों को संबंधित थाना प्रभारियों को सौंपते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना भी रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई शासन और पुलिस के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जा सके।



