सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़का आक्रोश, सवर्ण समाज ने ढीमरखेड़ा थाने पहुंचकर जताया विरोध,ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला; पुलिस को स्क्रीनशॉट सौंपकर कार्रवाई की मांग, थाना प्रभारी ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का दिया भरोसा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़का आक्रोश, सवर्ण समाज ने ढीमरखेड़ा थाने पहुंचकर जताया विरोध,ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला; पुलिस को स्क्रीनशॉट सौंपकर कार्रवाई की मांग, थाना प्रभारी ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का दिया भरोसा
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। विरोध दर्ज कराने के लिए सवर्ण समाज के बड़ी संख्या में लोग ढीमरखेड़ा थाना पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी को मामले की जानकारी देते हुए शिकायत भी सौंपी।
समाज के लोगों का कहना था कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी समाज या वर्ग के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करना सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है। ऐसी सामग्री से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं और क्षेत्र का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित हो सकता है। पोस्ट सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ी, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे।
पुलिस को सौंपा सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट
प्रदर्शनकारियों ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध कराया और पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार उपलब्ध सामग्री और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बताया गया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा बाद में सोशल मीडिया पर डाली गई सामग्री को संदेश के माध्यम से डिलीट कर दिया गया।
हालांकि, समाज के लोगों ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पोस्ट डिलीट किए जाने के बावजूद उपलब्ध स्क्रीनशॉट के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जाए। थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी तथा जांच में तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
1 सितंबर को एसडीएम को ज्ञापन देने की तैयारी
समाज के लोगों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आरक्षण विरोधी आंदोलन के समर्थन में क्षेत्र में भी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 1 सितंबर को प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान संतोष दुबे, सिद्धार्थ दीक्षित, शैलेन्द्र पौराणिक, राकेश त्रिपाठी, गोकर्ण मिश्रा, उमेश पाण्डेय, राहुल पाण्डेय, नूतन पाठक, रामखेलावन मिश्रा, शिवा गौतम, अटल बिहारी बाजपेई, जयप्रकाश शुक्ला, पंकज तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।



