सादगी और सौहार्द के रंग में रंगा उमरियापान, गूंजा जुलूस-ए-मोहम्मदी,ईद मिलादुन्नबी पर नूरी मस्जिद से निकला जुलूस; झंडा चौक पर स्टॉल लगाकर बांटी खाद्य सामग्री, जगह-जगह हुआ लंगर और सबील का आयोजन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सादगी और सौहार्द के रंग में रंगा उमरियापान, गूंजा जुलूस-ए-मोहम्मदी,ईद मिलादुन्नबी पर नूरी मस्जिद से निकला जुलूस; झंडा चौक पर स्टॉल लगाकर बांटी खाद्य सामग्री, जगह-जगह हुआ लंगर और सबील का आयोजन
कलयुग की कलम उमरिया पान – पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व बुधवार को उमरियापान में सादगी, श्रद्धा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने इस अवसर पर धार्मिक आयोजन किए और पैगंबर साहब के जीवन, आदर्शों एवं शिक्षाओं को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
झंडा चौक स्थित मस्जिद में विशेष सलातो-सलाम और नातिया कलाम पेश किए गए। इसके बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस नूरी मस्जिद से प्रारंभ होकर झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड और अंधेली बाग होते हुए ईदगाह पहुंचा। इस वर्ष उमरियापान में मुस्लिम समाज की ओर से दो अलग-अलग जुलूस निकाले गए।
झंडा चौक पर स्टॉल, बांटी खाद्य सामग्री
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लंगर और सबील की व्यवस्था की गई। झंडा चौक में मुस्लिम समाज के लोगों ने स्टॉल लगाकर पुलाव, जलेबी, समोसा, केक, टॉफी, चॉकलेट, झालमुरी, रसगुल्ला, नमकीन, केला और बिस्किट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री का वितरण किया। लोगों ने उत्साह के साथ सेवा कार्य में सहभागिता की।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मस्जिदों, घरों और दुकानों को फूलों एवं आकर्षक झालरों से सजाया गया। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल नजर आया।
आसपास के गांवों में भी मनाया गया पर्व
उमरियापान के अलावा महनेर, घुघरी, परसेल, ढीमरखेड़ा क्षेत्र के कटरिया, सिलौंड़ी के नेगई एवं बरहटा सहित आसपास के अन्य गांवों में भी ईद मिलादुन्नबी का पर्व सादगी के साथ मनाया गया। धार्मिक आयोजनों के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके कार्यों को याद किया गया। लोगों ने बच्चों को भी उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं का अनुसरण करने की सीख दी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल, ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी तथा सिलौंड़ी चौकी प्रभारी अनिल पांडेय पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के मार्ग एवं प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



