कक्षा में पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, विद्यार्थियों से पूछे विज्ञान के सवाल; परखी पढ़ाई की गुणवत्ता!शासकीय हाईस्कूल बड़गांव का किया निरीक्षण, पाठ्यपुस्तक-गणवेश से लेकर मध्यान्ह भोजन तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कक्षा में पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ, विद्यार्थियों से पूछे विज्ञान के सवाल; परखी पढ़ाई की गुणवत्ता!शासकीय हाईस्कूल बड़गांव का किया निरीक्षण, पाठ्यपुस्तक-गणवेश से लेकर मध्यान्ह भोजन तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने शुक्रवार को शासकीय हाईस्कूल बड़गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी समझ को परखा। निरीक्षण के दौरान पढ़ाई की गुणवत्ता के साथ पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश की उपलब्धता और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
मीथेन, ईथेन और ब्यूटेन की संरचना पर पूछे सवाल
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने विद्यार्थियों की विषयगत जानकारी और अध्ययन स्तर को समझने के लिए उनसे संवाद किया। कक्षा दसवीं में विज्ञान विषय के अंतर्गत उन्होंने छात्र संस्कार उपाध्याय से मीथेन, ईथेन और ब्यूटेन की संरचना के बारे में सवाल पूछे। इसके साथ ही पाचन तंत्र से संबंधित प्रश्न भी किए। वहीं छात्रा सोनाली यादव से हृदय की संरचना के संबंध में चर्चा कर उसकी समझ जानी।
विद्यार्थियों से सीधे सवाल-जवाब के माध्यम से उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषयों को विद्यार्थी कितनी अच्छी तरह समझ पा रहे हैं। इस दौरान शिक्षण कार्य की नियमितता और प्रभावशीलता का भी जायजा लिया गया।
पाठ्यपुस्तक, गणवेश और मध्यान्ह भोजन की जांच
कक्षा आठवीं में जिला पंचायत सीईओ ने पाठ्यपुस्तकों के वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध कराने तथा सभी विषयों का नियमित और प्रभावी अध्यापन सुनिश्चित करने से संबंधित व्यवस्थाओं की पड़ताल की। साथ ही विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और शासन की योजनाओं का लाभ बच्चों तक पहुंचने की स्थिति का आकलन करना रहा।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विद्यालय भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और विद्यालय परिसर को हरित बनाने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत किए गए इस निरीक्षण में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर ध्यान केंद्रित किया गया। कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करने और उनकी विषयगत समझ परखने के माध्यम से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष आकलन किया गया।



