जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, कलेक्टर ने सुनीं 234 लोगों की समस्याएं,किसी ने मांगी आवास की मदद, तो किसी ने पेंशन और संबल राशि के लिए लगाई गुहार; अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, कलेक्टर ने सुनीं 234 लोगों की समस्याएं,किसी ने मांगी आवास की मदद, तो किसी ने पेंशन और संबल राशि के लिए लगाई गुहार; अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे 234 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का तथ्यों के आधार पर परीक्षण करते हुए नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता राशि, प्रसूति सहायता, ऋण उपलब्ध कराने, शासकीय उचित मूल्य दुकान तथा भूमि पर कब्जे जैसी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मकान और जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे बुजुर्ग
जनसुनवाई में बहोरीबंद तहसील के ग्राम बचैया निवासी 65 वर्षीय गोविंद रैकवार ने अपने रहवासी मकान एवं भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पत्नी की मृत्यु के बाद संबल सहायता के लिए आवेदन
विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम कलहरा निवासी संतोष सिंह गोंड़ ने पत्नी चन्द्रकली गोंड़ की मृत्यु के बाद संबल योजना के अंतर्गत मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, ग्राम टोला निवासी निर्मला मिश्रा ने आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।
प्रसूति सहायता और पेंशन का लाभ दिलाने की मांग
कटनी के भट्टा मोहल्ला निवासी रेनू चौधरी ने बच्चे के जन्म के बाद प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत करते हुए नियमानुसार राशि दिलाने की मांग की। इसी प्रकार विजयराघवगढ़ रोड, कटनी निवासी राजकुमारी सोनी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
छोटी दुकान खोलने के लिए मांगा मुद्रा योजना के तहत ऋण
कटनी निवासी किशनलाल चौधरी ने जीवनयापन के लिए छोटी दुकान संचालित करने के उद्देश्य से मुद्रा योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। उन्होंने स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और आवेदकों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।



