दिन में खदानों की जांच, रात के अंधेरे में रेत परिवहन पर कौन रखेगा नजर? कटनी-उमरिया के संयुक्त दल ने किया निरीक्षण, अब उमरियापान, बेलकुंड और दतला नदी तक कार्रवाई की दरकार! खैरवार घाट में स्वीकृत सीमा के भीतर मिला खनन, इमलिया-सुतरी घाट में नहीं मिली गतिविधि; ढीमरखेड़ा और सिलौंडी क्षेत्र में भी औचक जांच की उठी जरूरत, रात में अवैध रेत परिवहन की शिकायतों पर निगरानी जरूरी।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दिन में खदानों की जांच, रात के अंधेरे में रेत परिवहन पर कौन रखेगा नजर? कटनी-उमरिया के संयुक्त दल ने किया निरीक्षण, अब उमरियापान, बेलकुंड और दतला नदी तक कार्रवाई की दरकार! खैरवार घाट में स्वीकृत सीमा के भीतर मिला खनन, इमलिया-सुतरी घाट में नहीं मिली गतिविधि; ढीमरखेड़ा और सिलौंडी क्षेत्र में भी औचक जांच की उठी जरूरत, रात में अवैध रेत परिवहन की शिकायतों पर निगरानी जरूरी।
कलयुग की कलम कटनी उ.पान – सीमावर्ती रेत खदानों में अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए कटनी और उमरिया जिले के खनिज विभाग ने संयुक्त निरीक्षण किया। बुधवार को जांच दल ने खदानों की सीमाओं, उत्खनन और परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया। हालांकि, इस कार्रवाई के बीच उमरियापान, बेलकुंड नदी, ढीमरखेड़ा, दतला नदी और सिलौंडी क्षेत्र में भी औचक निरीक्षण की आवश्यकता महसूस की जा रही है। स्थानीय स्तर पर रात के अंधेरे में रेत के अवैध परिवहन की शिकायतों को देखते हुए दिन के साथ रात्रिकालीन निगरानी भी जरूरी है।
खैरवार घाट में स्वीकृत सीमा के भीतर मिला खनन
संयुक्त दल ने उमरिया जिले के ग्राम खैरवार घाट स्थित स्वीकृत रेत खदान का निरीक्षण किया। खदान संचालक बाबा महाकाल कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर एवं प्रबंधक की मौजूदगी में सीमाओं का निर्धारण किया गया। जांच में खनन स्वीकृत क्षेत्र के भीतर पाया गया। संबंधित फर्म का खदान संचालन आगामी वर्ष तक वैध अनुबंध के तहत होना बताया गया।
इमलिया-सुतरी घाट में नहीं मिली गतिविधि
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के अनुसार कटनी जिले के सीमावर्ती इमलिया एवं सुतरी घाट का भी भौतिक निरीक्षण किया गया। यहां न तो उत्खनन गतिविधि मिली और न ही अस्थायी मार्ग का निर्माण पाया गया।
वाहनों पर मिले आरएफआईडी टैग
निरीक्षण के दौरान परिवहन वाहनों की आकस्मिक जांच की गई। सभी वाहनों में नियमानुसार आरएफआईडी टैग लगे मिले। खदान प्रबंधन को स्वीकृत सीमा में ही उत्खनन करने और रेत का परिवहन केवल वैध आरएफआईडी टैग वाले वाहनों से कराने के निर्देश दिए गए।
बेलकुंड और दतला नदी तक पहुंचे जांच दल
संयुक्त निरीक्षण के बाद अब उमरियापान क्षेत्र की बेलकुंड नदी, ढीमरखेड़ा की दतला नदी और सिलौंडी क्षेत्र की रेत खदानों पर भी विशेष निगरानी की जरूरत है। रात के अंधेरे में अवैध रेत परिवहन की शिकायतों की वास्तविकता जांचने के लिए रात्रिकालीन औचक निरीक्षण, वाहनों की जांच और परिवहन मार्गों पर निगरानी जरूरी है।
खनिज नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब जरूरत है कि सीमावर्ती खदानों के साथ नदियों और ग्रामीण परिवहन मार्गों पर भी नियमित दिन-रात निगरानी हो, ताकि अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लग सके।



