महिलाओं के अधिकारों पर अब नहीं चलेगा अत्याचार! हिंसा, दहेज उत्पीड़न और बाल विवाह के खिलाफ महिला जनप्रतिनिधियों ने भरी हुंकार, गांव-गांव उठेगी जागरूकता की आवाज,कटनी में महिला जनप्रतिनिधियों की विशेष कार्यशाला में कानून और सुरक्षा के बताए गए अधिकार; घरेलू हिंसा से लेकर कार्यस्थल पर शोषण तक हर मुद्दे पर हुई चर्चा, बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की दिलाई गई शपथ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

महिलाओं के अधिकारों पर अब नहीं चलेगा अत्याचार! हिंसा, दहेज उत्पीड़न और बाल विवाह के खिलाफ महिला जनप्रतिनिधियों ने भरी हुंकार, गांव-गांव उठेगी जागरूकता की आवाज,कटनी में महिला जनप्रतिनिधियों की विशेष कार्यशाला में कानून और सुरक्षा के बताए गए अधिकार; घरेलू हिंसा से लेकर कार्यस्थल पर शोषण तक हर मुद्दे पर हुई चर्चा, बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की दिलाई गई शपथ
कलयुग की कलम कटनी – महिलाओं के खिलाफ हिंसा, शोषण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अब जागरूकता की आवाज गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है। महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने वाली मानसिकता के खिलाफ महिला जनप्रतिनिधियों को कानून की ताकत से परिचित कराया गया। घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न और बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं से निपटने के कानूनी उपायों की जानकारी देते हुए उन्हें अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कटनी के सभाकक्ष में मिशन शक्ति की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा के मुख्य आतिथ्य तथा जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला जनप्रतिनिधियों को संवैधानिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण, न्यायिक सहायता और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों को इतना सक्षम बनाना रहा कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के साथ हिंसा एवं शोषण के मामलों में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
अधिकारों की जानकारी ही अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा ने कहा कि महिला हिंसा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से संभव है। महिलाओं को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होगी, तभी वे अन्याय के विरुद्ध आत्मविश्वास के साथ खड़ी हो सकेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के बिना समाज का समग्र विकास अधूरा है। महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाना भी जरूरी है। उन्होंने महिला सरपंचों एवं पंचों से अपने क्षेत्रों में महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता पंकज राय ने महिला हिंसा के उन्मूलन को सामाजिक बदलाव की अनिवार्य शर्त बताते हुए कानूनी अधिकारों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना पर कानून की समझाइश
कार्यशाला में न्यायिक एवं विधिक विशेषज्ञों ने महिलाओं को विभिन्न कानूनों के तहत मिलने वाले संरक्षण और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। सिविल जज जिला न्यायालय कटनी श्री अपूर्व मल्होत्रा ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली राहत और न्यायालयीन प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकार पर भी प्रकाश डाला।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षित बिसेन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी। उन्होंने दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 के प्रावधानों को समझाते हुए दहेज उत्पीड़न के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी अधिकारों से अवगत कराया।
कार्यस्थल पर शोषण से बाल विवाह तक, हर कानून की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार ने महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती ने कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 तथा भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी साझा की।
बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के तहत बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण एवं अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने किसी भी संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के उपयोग के बारे में बताया।
वहीं, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती शैली तिवारी ने हिंसा एवं उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं के लिए उपलब्ध सहायता और सुविधाओं की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में महिलाएं इन सेवाओं के माध्यम से आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
बाल हितैषी पंचायतों में महिला नेतृत्व की अहम भूमिका
कार्यशाला में ग्राम पंचायत तेवरी की सरपंच सुश्री काजल रजक ने बाल एवं महिला हितैषी पंचायतों के निर्माण पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि स्थानीय शासन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पंचायतों में महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों को उचित प्राथमिकता मिल सकती है। ग्रामीण स्तर पर महिला नेतृत्व को मजबूत करना सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ, गांवों में अभियान चलाने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने उपस्थित महिला जनप्रतिनिधियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने महिला सरपंचों एवं पंचों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके साथ होने वाले अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए आगे आएं।
कार्यशाला में श्री पंकज नामदेव, योगेंद्र कुमार असाटी, जिला पंचायत के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
कार्यशाला से यह संदेश सामने आया कि महिलाओं को केवल अधिकारों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं, बल्कि उन अधिकारों को जमीन पर लागू कराने के लिए जागरूक नेतृत्व भी जरूरी है। महिला जनप्रतिनिधियां जब स्वयं कानून और सुरक्षा के उपायों से परिचित होंगी, तभी गांवों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसरों वाला वातावरण मिल सकेगा।



