बीमार पशुओं के इलाज पर निकली 1962 की गाड़ी खुद ही बीमार! ढीमरखेड़ा की मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई से स्टेपनी का टायर खराब, घिसे टायरों के भरोसे चल रही सेवा,इमरजेंसी में रास्ते में वाहन पंचर हुआ तो कैसे पहुंचेगी पशुओं के इलाज के लिए टीम? केंद्र-राज्य सरकार की संयुक्त योजना के रखरखाव पर उठे सवाल, जिम्मेदार अधिकारी से पूछा तो मिला जवाब – ‘इसमें मैं क्या कर सकती हूं’
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बीमार पशुओं के इलाज पर निकली 1962 की गाड़ी खुद ही बीमार! ढीमरखेड़ा की मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई से स्टेपनी का टायर खराब, घिसे टायरों के भरोसे चल रही सेवा,इमरजेंसी में रास्ते में वाहन पंचर हुआ तो कैसे पहुंचेगी पशुओं के इलाज के लिए टीम? केंद्र-राज्य सरकार की संयुक्त योजना के रखरखाव पर उठे सवाल, जिम्मेदार अधिकारी से पूछा तो मिला जवाब – ‘इसमें मैं क्या कर सकती हूं’
कलयुग की कलम उ.पान/ढीमरखेड़ा – ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को घर-द्वार पर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से संचालित 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई (एमवीयू) योजना पर ढीमरखेड़ा क्षेत्र में सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस वाहन को बीमार और घायल पशुओं के उपचार के लिए गांव-गांव पहुंचना चाहिए, उसकी अपनी हालत ही सवालों के घेरे में है। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा क्षेत्र के लिए निर्धारित मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन में स्टेपनी (अतिरिक्त टायर) तक उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं, वाहन में लगे टायरों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में वाहन रास्ते में पंचर हो जाए तो उसे तत्काल बदलने की सुविधा तक मौजूद नहीं है।
सरकार की मंशा है कि पशुपालकों को अपने बीमार पशुओं के उपचार के लिए अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर सूचना देने के बाद मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई संबंधित स्थान पर पहुंचकर उपचार उपलब्ध कराती है। लेकिन ढीमरखेड़ा क्षेत्र में उपलब्ध वाहन की बदहाल स्थिति इस महत्वपूर्ण व्यवस्था की कार्यप्रणाली और रखरखाव पर सवाल खड़े कर रही है।
इलाज करने निकलने वाली गाड़ी को ही उपचार की जरूरत!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि किसी गांव में पशु की हालत गंभीर है और 1962 पर सूचना मिलने के बाद वाहन उपचार के लिए रवाना होता है, लेकिन रास्ते में ही उसका टायर पंचर हो गया, तो ऐसी स्थिति में पशु चिकित्सा टीम मौके पर कैसे पहुंचेगी? जब वाहन में स्टेपनी ही नहीं है और मौजूदा टायर भी खराब हालत में हैं, तो आपातकालीन सेवा की निरंतरता कैसे सुनिश्चित होगी?
यह स्थिति केवल वाहन के रखरखाव तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण पशुपालकों को समय पर मिलने वाली चिकित्सा सुविधा से भी जुड़ी है। सवाल यह भी है कि वाहन के नियमित निरीक्षण, टायरों की स्थिति और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की है, क्या उनके द्वारा समय-समय पर इसकी जांच की जा रही है?
जिम्मेदार अधिकारी ने पल्ला झाड़ा, जवाबदेही किसकी?
इस मामले में जब ढीमरखेड़ा क्षेत्र की अतिरिक्त प्रभार वाली वेटरनरी सर्जन डॉ. दिवांगना चतुर्वेदी से मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन की स्थिति और उसके रखरखाव को लेकर उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, ‘इसमें मैं क्या कर सकती हूं’ और बातचीत के दौरान फोन काट दिया। सवाल यह है कि वाहन का रखरखाव समय पर मेंटेनेंस नहीं हो रहा तो जिले में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए जिम्मेदार अधिकारी जिसके अंडर में मेंटेनेंस आता हो तो गाड़ी का मेंटेनेंस कराएं।
अधिकारी की इस प्रतिक्रिया के बाद सवाल और गंभीर हो जाते हैं कि आखिर इस वाहन के रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? यदि वाहन में आवश्यक संसाधनों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की कमी है, तो इसे दुरुस्त कराने के लिए पहल कौन करेगा? क्या संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को वाहन की वास्तविक स्थिति की जानकारी है?
सरकारी योजना का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी?
1962 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई ग्रामीण पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। ऐसे में वाहन की तकनीकी स्थिति, टायरों की गुणवत्ता, स्टेपनी और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। सवाल यह है कि जब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए वाहन उपलब्ध करा रही है, तो उसके नियमित रखरखाव और सुचारु संचालन की निगरानी भी उतनी ही गंभीरता से क्यों नहीं हो रही?
अब जरूरत है कि पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर ढीमरखेड़ा के लिए निर्धारित वाहन का भौतिक निरीक्षण कराएं। वाहन के टायरों और स्टेपनी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए तथा उसके नियमित मेंटेनेंस की जवाबदेही तय हो, ताकि आपातकालीन स्थिति में पशुपालकों को सरकारी सुविधा का लाभ समय पर मिल सके।



