गोवंश सेवा की मिसाल बनी जमुनियां गोपाल गौशाला! कलेक्टर ने परखी व्यवस्थाएं, गायों को खिलाया हरा चारा, केला और गुड़,150 गोवंश की क्षमता वाली गौशाला में भूसा, चारा और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का लिया जायजा; स्व-सहायता समूह की पहल से तैयार हो रही अजोला खाद, बायोगैस संयंत्र का भी किया निरीक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गोवंश सेवा की मिसाल बनी जमुनियां गोपाल गौशाला! कलेक्टर ने परखी व्यवस्थाएं, गायों को खिलाया हरा चारा, केला और गुड़,150 गोवंश की क्षमता वाली गौशाला में भूसा, चारा और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का लिया जायजा; स्व-सहायता समूह की पहल से तैयार हो रही अजोला खाद, बायोगैस संयंत्र का भी किया निरीक्षण
कलयुग की कलम कटनी – जिले के ग्राम जमुनियां स्थित गोपाल गौशाला में गोवंश के संरक्षण और बेहतर रखरखाव के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर आशीष तिवारी पहुंचे। यहां उन्होंने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर गोवंश के लिए चारा, भूसा, साफ-सफाई और देखभाल की व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही गौशाला संचालन कर रहे स्व-सहायता समूह के प्रयासों की जानकारी लेकर प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, पर्यावरणविद निर्भय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गौशाला का संचालन कर रहे पूर्णिमा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष क्रांति तिवारी ने कलेक्टर को बताया कि 150 गोवंश की क्षमता वाली इस गौशाला में वर्तमान में 150 गायों का रखरखाव किया जा रहा है। गोवंश के लिए नियमित रूप से भूसे की व्यवस्था की जाती है तथा परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और समूह की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गायों को हरा चारा, केला और गुड़ खिलाकर गोसेवा भी की।
निरीक्षण के अवसर पर स्व-सहायता समूह की ओर से कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत सीईओ को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
गोशाला में गोबर से खाद और बायोगैस तैयार करने की पहल
गोवंश के संरक्षण के साथ गौशाला को उपयोगी गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे प्रयास भी निरीक्षण का प्रमुख हिस्सा रहे। कलेक्टर ने परिसर में तैयार की जा रही अजोला हरी खाद की व्यवस्था देखी और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण कर उसके संचालन एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
गौशाला में गोवंश की देखभाल के साथ जैविक खाद तैयार करने और बायोगैस संयंत्र के संचालन जैसी गतिविधियां स्व-सहायता समूह की पहल को एक नई दिशा दे रही हैं। इससे गौशाला को केवल गोवंश के आश्रय स्थल तक सीमित न रखकर उपयोगी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास भी सामने आया।



