प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही पर प्रशासन सख्त! गांव-गांव पहुंचा अमला, अधूरे मकानों पर चस्पा किए नोटिस,अमाड़ी और धुरी पंचायत में अपूर्ण आवासों का किया निरीक्षण, निर्माण बंद रखने वाले हितग्राहियों को जल्द काम पूरा कराने की हिदायत; जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर मैदानी निगरानी तेज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही पर प्रशासन सख्त! गांव-गांव पहुंचा अमला, अधूरे मकानों पर चस्पा किए नोटिस,अमाड़ी और धुरी पंचायत में अपूर्ण आवासों का किया निरीक्षण, निर्माण बंद रखने वाले हितग्राहियों को जल्द काम पूरा कराने की हिदायत; जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर मैदानी निगरानी तेज
कलयुग की कलम कटनी – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की मुहिम में अब लापरवाही बरतने वालों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। लंबे समय से अधूरे पड़े आवासों को पूरा कराने के लिए जिला पंचायत का मैदानी अमला गांवों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की हकीकत जांच रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत अमाड़ी और धुरी सहित अन्य पंचायतों में अपूर्ण आवासों का निरीक्षण किया गया। जहां निर्माण कार्य लंबे समय से बंद मिले, वहां संबंधित हितग्राहियों को जल्द काम शुरू कराकर पूरा कराने के लिए नोटिस चस्पा किए गए।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति को गति देने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विकासखंड समन्वयक और सेक्टर सुपरवाइजर लगातार गांवों का भ्रमण कर रहे हैं। अधिकारी निर्माणाधीन और अपूर्ण आवासों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के साथ हितग्राहियों से सीधे बातचीत भी कर रहे हैं।
अधूरे आवासों को पूरा कराने पर जोर
निरीक्षण के दौरान ऐसे हितग्राहियों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके आवास निर्माण कार्य लंबे समय से रुके हुए हैं। उन्हें योजना के उद्देश्य और समय पर आवास पूर्ण कराने की आवश्यकता समझाते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की समझाइश दी जा रही है। वहीं, बंद पड़े निर्माण कार्यों को लेकर नोटिस भी चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि आवासों को जल्द पूर्ण कराने की दिशा में कार्रवाई हो सके।
सीईओ ने दिए नियमित निगरानी के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की नियमित निगरानी करें। अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता में रखते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही हितग्राहियों को निर्माण में आ रही समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में भी पहल की जाए।
जिला पंचायत की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समय पर मिले और किसी भी हितग्राही का पक्का मकान अनावश्यक रूप से अधूरा न रहे। गांवों में बढ़ती मैदानी सक्रियता से आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद है।



