सिलौंडी में दशहरा चल समारोह में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जयकारों से गूंजा नगर; मां महाकाली और मां दुर्गा के दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु,रात 9 बजे मुख्य बाजार से निकला भव्य चल समारोह, ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकलीं माता रानी की प्रतिमाएं, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ दशहरा पर्व
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सिलौंडी में दशहरा चल समारोह में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जयकारों से गूंजा नगर; मां महाकाली और मां दुर्गा के दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु,रात 9 बजे मुख्य बाजार से निकला भव्य चल समारोह, ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकलीं माता रानी की प्रतिमाएं, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ दशहरा पर्व
कलयुग की कलम सिलौंडी – विजयादशमी के पावन अवसर पर सिलौंडी में दशहरा चल समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाला गया। नवरात्र के अंतिम दिन रात 9 बजे मुख्य बाजार से शुरू हुए चल समारोह में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। माता रानी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां महाकाली और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता रानी को भेंट अर्पित की।
चल समारोह का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, सरपंच एवं पंचों तथा संतोष कुमार द्वारा मां महाकाली और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। वहीं भाजपा जिला मंत्री डॉ. प्रशांत राय, मंडल उपाध्यक्ष अमित राय, बजरंग दल जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख सौरभ मिश्रा एवं रमेश राय ने अपने निज निवास पर माता रानी की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन किया।
ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भी माता रानी की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। चल समारोह में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल, बाजे और नगाड़ों की गूंज के बीच माता रानी की प्रतिमाएं नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलीं।
एक के बाद एक निकलीं माता रानी की प्रतिमाएं
चल समारोह में सबसे पहले मन्नत वाली मां महाकाली की प्रतिमा निकाली गई। इसके बाद श्रीराम दुर्गा उत्सव समिति पचगड्ढा, श्री बालाजी कामाख्या देवी, श्रीराम मंदिर, शिव चौक, पटौहा वाली मां दुर्गा, खेरमाता गोटिया मोहल्ला और बस स्टैंड की माता रानी की प्रतिमाएं क्रमबद्ध रूप से शामिल हुईं।
चल समारोह छोटी मढ़िया और शिव चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और अपनी श्रद्धानुसार भेंट अर्पित की। देर रात सिलौंडी की सभी माता प्रतिमाओं का हल्का नदी में विसर्जन किया गया।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही सहभागिता
दशहरा चल समारोह में पूर्व सरपंच श्रीमती राधा राय, पूर्व सरपंच जगन्नाथ दहिया, सेवाराम साहू, पूर्व उपसरपंच प्रह्लाद सेन, पूर्व उपसरपंच कमलेश काछी, कपिल सोनी, रोजगार सहायक अमरीश राय, आशू राय, राजेश गाडरी, गणेश राय, विजय तिवारी, मानस राय, आदित्य राय और अतुल नामदेव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।
पुलिस की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन
दशहरा चल समारोह के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी अनिल पांडे ने पुलिस स्टाफ के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस की सतर्कता और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच दशहरा चल समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



