प्रशासनमध्यप्रदेश

कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन, कटनी में 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का हुआ सम्मान,पुलिस लाइन झिंझरी में गूंजा शोक सलामी का स्वर, 154 अमर शहीदों के नामों का वाचन कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन, कटनी में 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का हुआ सम्मान,पुलिस लाइन झिंझरी में गूंजा शोक सलामी का स्वर, 154 अमर शहीदों के नामों का वाचन कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

कलयुग की कलम कटनी – देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान को नमन करने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस परेड का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान कर उनके त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

154 अमर शहीदों के नामों का हुआ वाचन

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने देशभर में बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद परेड दल ने शस्त्र झुकाकर अमर शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और शोक सलामी अर्पित की। पूरा वातावरण वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान की स्मृतियों से भावुक हो उठा।

13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का शाल-श्रीफल से सम्मान

समारोह का सबसे भावुक क्षण वह रहा, जब कटनी जिले के 13 अमर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आमंत्रित कर शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित शहीदों में प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी और अवधेश दुबे तथा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह और हीरालाल केवट के परिजन शामिल रहे।

इस अवसर पर अधिकारियों ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। शहीदों का बलिदान सदैव समाज और आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने किया नमन

आयोजन में कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन एवं अशोक विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी आकांक्षा चतुर्वेदी और रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सोनम उईके ने किया, जबकि सहायक परेड कमांडर की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सीमा जैन ने किया।

21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?

पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से जुड़ा है, जब लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में गश्त कर रहे भारतीय पुलिस बल के जवानों पर चीनी सैनिकों ने हमला कर दिया था। इस मुठभेड़ में देश की रक्षा करते हुए 10 वीर पुलिसकर्मियों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति और देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

Related Articles

Back to top button