आस्थाएक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

बरसते पानी में भी नहीं डिगी आस्था, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा उमरियापान,पूजा-अर्चना, हवन, भंडारा और कन्या भोज के बाद निकली भव्य विसर्जन यात्राएं; ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के साथ भावुक हुए श्रद्धालु चल समारोह के दौरान पुलिस प्रशासन भी रहा तैनात,

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बरसते पानी में भी नहीं डिगी आस्था, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा उमरियापान,पूजा-अर्चना, हवन, भंडारा और कन्या भोज के बाद निकली भव्य विसर्जन यात्राएं; ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के साथ भावुक हुए श्रद्धालु चल समारोह के दौरान पुलिस प्रशासन भी रहा तैनात,

कलयुग की कलम उमरिया पान – गणेशोत्सव के समापन पर उमरियापान सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही गणेश पंडालों में पूजा-अर्चना, हवन, आरती, भंडारा और कन्या भोज के आयोजन होते रहे। शाम होते ही ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से नगर और गांवों की गलियां गूंज उठीं।

बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों में विराजमान कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद नगर भ्रमण एवं विसर्जन चल समारोह निकाला गया। डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर गणपति बप्पा को विदाई दी।

बारिश बनी, लेकिन आस्था के कदम नहीं रुके

रिमझिम से लेकर तेज बारिश के बीच भी गणेश भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में विसर्जन चल समारोह में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए गणेश प्रतिमाओं को निर्धारित विसर्जन स्थलों तक पहुंचाया। प्रशासन द्वारा कुंड, नदी, तालाब एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई थी, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

गांव-गांव में दिखा गणपति उत्सव का रंग

उमरियापान के साथ बिछिया, बरौंदा, परसवारा, बम्हनी, महनेर, करौंदी, पौड़ी, ढीमरखेड़ा, खमतरा, सिलौंडी, दशरमन, गनियारी और मुरवारी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणेश विसर्जन को लेकर खासा उत्साह रहा। गांवों में भी पंडालों से प्रतिमाओं को गाजे-बाजे के साथ निकाला गया और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से नगर एवं गांव का भ्रमण कराया।

‘अगले बरस तू जल्दी आ’ से भावुक हुई विदाई

विसर्जन के अंतिम क्षणों में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की आरती कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। इसके बाद ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच नम आंखों से प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश को विदाई दी गई। पूरे क्षेत्र में गणेशोत्सव का समापन धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ।

इस पूरे चल समारोह में जगह-जगह पुलिस प्रशासन भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह रहा चौकन्ना।

Related Articles

Back to top button