शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा के डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी को विश्वविद्यालय स्तर पर मिला सम्मान,राष्ट्रीय सेवा योजना में उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी’ का प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
कलयुग की कलम से राकेश यादव

शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा के डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी को विश्वविद्यालय स्तर पर मिला सम्मान,राष्ट्रीय सेवा योजना में उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी’ का प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – राष्ट्रीय सेवा योजना के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय सांस्कृतिक गतिविधि एवं सम्मान समारोह में शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने डॉ. नागवंशी को राष्ट्रीय सेवा योजना की नियमित गतिविधियों, विशेष शिविरों तथा भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन एवं विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा निर्देशित विभिन्न कार्यक्रमों का निःस्वार्थ भाव से सफल आयोजन कराने के लिए विश्वविद्यालय स्तरीय सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी का प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
250 से अधिक विद्यार्थियों की कराई सहभागिता
डॉ. नागवंशी को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 क्विज प्रतियोगिता में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए चलाए गए जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने पर भी सम्मान मिला। उनके प्रयासों से महाविद्यालय के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। इस कार्य के लिए उप कार्यक्रम सलाहकार एवं क्षेत्रीय निदेशक (मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़) डॉ. अशोक कुमार श्रोति द्वारा जारी प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनकी सराहना की गई।
समारोह में समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. विवेक मिश्रा, विश्वविद्यालय कार्य परिषद सदस्य चंद्रशेखर पटेल, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शोभाराम मेहरा, जिला संगठक जबलपुर डॉ. राणा सिंह, जिला संगठक कटनी रुक्मणी प्रताप सिंह सहित विभिन्न अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
डॉ. नागवंशी की इस उपलब्धि पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. आकृति, पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षित द्विवेदी, डॉ. राजाराम सिंह, डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी सहित महाविद्यालयीन स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं इष्ट-मित्रों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपनी उपलब्धि पर डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी ने इसका श्रेय राष्ट्रीय सेवा योजना के समस्त स्वयंसेवकों को देते हुए कहा कि स्वयंसेवकों के सहयोग और समर्पण से ही सेवा एवं जागरूकता से जुड़े कार्य सफल हो सके है।



