प्रशासनमध्यप्रदेश

त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने तेज की कार्रवाई,कटनी से माधवनगर, बरही और ढीमरखेड़ा तक सघन जांच अभियान; मिठाई, खोया, दूध, घी, पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे

कलयुग की कलम से राकेश यादव

त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने तेज की कार्रवाई,कटनी से माधवनगर, बरही और ढीमरखेड़ा तक सघन जांच अभियान; मिठाई, खोया, दूध, घी, पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे

कलयुग की कलम उमरिया पान – रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मिठाई, खोया, दूध, घी, पनीर सहित त्योहारी सीजन में अधिक मांग वाले खाद्य पदार्थों की जांच कर रही हैं। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय गुप्ता ने बताया कि अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में यदि कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के विपरीत पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मिठाई और दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी

जांच के दौरान सिद्धि विनायक स्वीट्स, बरही से मगज लड्डू और मिल्क केक के नमूने लिए गए। साक्षी स्वीट्स, माधवनगर से काजू कतली, कलाकंद और खोया तथा बॉम्बे स्वीट्स, माधवनगर से काजू कतली, कलाकंद और खोया के नमूने संग्रहित किए गए।

कटनी की खोवा मंडी में महावीर खोवा भंडार और मुन्ना खोवा भंडार का निरीक्षण कर खोया, मिल्क केक, घी, कलाकंद एवं पनीर के नमूने लिए गए। वहीं गुप्ता खोया भंडार, सिल्वर टॉकीज, कटनी से घी, खोया और पनीर तथा महावीर दूध भंडार से घी, कुंदा पेड़ा और नारियल बर्फी के नमूने संकलित किए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम

विभाग की कार्रवाई केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही। बरही के सिद्धिविनायक होटल से मगज लड्डू और मिल्क केक तथा ढीमरखेड़ा क्षेत्र से रसगुल्ला एवं सोनपापड़ी के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

दुकानदारों को स्वच्छता के निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी साहू ने बताया कि नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी नमूने में निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का लक्ष्य त्योहारी अवसर पर आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

Related Articles

Back to top button