फार्मर आईडी में लापरवाही पड़ी भारी: दो तहसीलदारों पर गिरी गाज,स्लीमनाबाद तहसीलदार की दो और विजयराघवगढ़ तहसीलदार की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश; बैठक से नदारद हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस,समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी का सख्त रुख, योजनाओं की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को दी दो टूक चेतावनी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

फार्मर आईडी में लापरवाही पड़ी भारी: दो तहसीलदारों पर गिरी गाज,स्लीमनाबाद तहसीलदार की दो और विजयराघवगढ़ तहसीलदार की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश; बैठक से नदारद हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस,समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी का सख्त रुख, योजनाओं की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को दी दो टूक चेतावनी
कलयुग की कलम कटनी – किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने और भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाया है। समय-सीमा बैठक में कार्य की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने स्लीमनाबाद तहसीलदार की दो वेतन वृद्धि तथा विजयराघवगढ़ तहसीलदार की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्किलवार पटवारियों की बैठक लेकर फार्मर आईडी निर्माण का काम तेज किया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसानों से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और पटवारियों को निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने की हिदायत देते हुए कहा कि प्रगति में सुधार नहीं होने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार और अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक से गायब रहे हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी, नोटिस के निर्देश
समय-सीमा बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही हाउसिंग बोर्ड के एमडी को पत्र लिखकर अधिकारी की अनुपस्थिति से अवगत कराने को भी कहा गया।
कम प्रगति पर अधिकारियों से मांगा जवाब
कलेक्टर ने पैक्स सदस्यता अभियान की समीक्षा के दौरान कम पंजीयन पर सहकारी बैंक की नोडल जयति बिलथरिया के प्रति असंतोष व्यक्त किया और सदस्यता अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
फार्मर आईडी से खसरा लिंक करने के कार्य में धीमी प्रगति तथा पीएम किसान योजना के पंजीयन की गति कम होने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से किसानों का पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए।
नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अभिलेख दुरुस्ती का कोई भी प्रकरण एक वर्ष से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए।
कन्हवारा शिविर से पहले निपटाएं लंबित मामले
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मुड़वारा विधानसभा के कन्हवारा क्लस्टर में प्रस्तावित शिविर को लेकर कलेक्टर ने सभी विभागों को तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर से पहले संबंधित विभाग अपनी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और आवेदनों का अधिकतम निराकरण सुनिश्चित करें। जो मामले शेष रह जाएं, उनका समाधान शिविर स्थल पर किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई
बैठक में विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण किया जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित जनपद सीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और एनीमिया से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने बहोरीबंद और बरही के बीएमओ को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविरों में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सीएमएचओ को दिए गए। टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए टीबी अधिकारी को पोर्टल पर आवश्यक डाटा समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
लाड़ली लक्ष्मी और मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश रीठी और ढीमरखेड़ा के सीडीपीओ को दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा की गई। उन्होंने जनपद सीईओ और सीडीपीओ को आपसी समन्वय से नए जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्य पूरा करने पर जोर
कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उन्नयन योजना, मत्स्य विभाग और एनआरएलएम की योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित विभागों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में समस्त एसडीएम, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय, सहायक आयुक्त सहकारिता राजयशवर्धन कुरील, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर का स्पष्ट संदेश
किसानों से जुड़े काम हों या जनकल्याणकारी योजनाएं—लापरवाही पर अब सीधे कार्रवाई होगी।



