अवैध शराब पर कलेक्टर का सख्त एक्शन, कोड़िया में आबकारी टीम की बड़ी दबिश,किराना दुकान और पानी के गड्ढे में छिपाकर रखी थी शराब, 29 बल्क लीटर देशी-विदेशी मदिरा जब्त; आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध शराब पर कलेक्टर का सख्त एक्शन, कोड़िया में आबकारी टीम की बड़ी दबिश,किराना दुकान और पानी के गड्ढे में छिपाकर रखी थी शराब, 29 बल्क लीटर देशी-विदेशी मदिरा जब्त; आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
कलयुग की कलम कटनी – जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत वृत्त स्लीमनाबाद की टीम ने ग्राम कोड़िया में दबिश देकर कुल 29 बल्क लीटर अवैध देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की है। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
किराना दुकान से मिली विदेशी शराब
जानकारी के अनुसार आबकारी अमला सीएम हेल्पलाइन की शिकायत के निराकरण एवं वारंट तामीली के लिए देवरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम कोड़िया में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुबे किराना दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कैलाश दुबे पिता लक्ष्मी प्रसाद दुबे के कब्जे से एक प्लास्टिक की बोरी में रखी रॉयल स्टैग व्हिस्की की 8 बोतल, आईबी व्हिस्की की 4 बोतल और एमडी व्हिस्की की 4 बोतल बरामद की गई। बरामद विदेशी मदिरा की कुल मात्रा 12 बल्क लीटर बताई गई।
पानी के गड्ढे में छिपाकर रखी थी शराब
इसके बाद आबकारी टीम ने गोलू दुबे के रिहायशी कमरों और पीछे स्थित बाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान टीम को पानी के गड्ढे में छिपाकर रखी गई मदिरा मिली। तलाशी में बैगपाइपर व्हिस्की के 82 पाव और मसाला मदिरा के 10 पाव बरामद किए गए। इनकी कुल मात्रा 17 बल्क लीटर पाई गई।
इस तरह दोनों स्थानों से कुल 29 बल्क लीटर अवैध देशी-विदेशी मदिरा जब्त की गई। आबकारी विभाग ने मदिरा को विधिवत जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग को लगातार गश्त, जांच और दबिश की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



