संत रविदास के संदेश से गूंजा कटनी, गांव-गांव पहुंचेगी सामाजिक समरसता की अलख,650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश वंदन यात्रा, जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी; कलेक्टर बोले—संत रविदास की शिक्षाओं को जीवन में उतारें
कलयुग की कलम से राकेश यादव

संत रविदास के संदेश से गूंजा कटनी, गांव-गांव पहुंचेगी सामाजिक समरसता की अलख,650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश वंदन यात्रा, जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी; कलेक्टर बोले—संत रविदास की शिक्षाओं को जीवन में उतारें
कलयुग की कलम कटनी – संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को कटनी में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश लेकर कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया गया। नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड से निकली इस यात्रा को जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा जिले के विभिन्न गांवों तक पहुंचकर संत रविदास के समानता, सद्भाव, प्रेम और सामाजिक एकता के विचारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नागरिक मौजूद रहे।
विविधता में एकता ही संत रविदास की सबसे बड़ी सीख : कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने संत रविदास महाराज को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत अनेक जातियों, धर्मों और समुदायों की विविधताओं वाला देश है, लेकिन इसकी वास्तविक शक्ति आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता में निहित है।
कलेक्टर ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, सद्भाव और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाओं को केवल आयोजनों और वक्तव्यों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन और व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि कलश वंदन यात्रा जिस गांव से होकर गुजरे, वहां लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत करें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से संत रविदास के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।
हर गांव तक पहुंचेगा समरसता का संदेश
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने कहा कि कलश वंदन यात्रा जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान नागरिकों को संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास महाराज की पूजा-अर्चना एवं उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने संत रविदास के भजनों, देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कलश वंदन यात्रा के शुभारंभ के साथ ही जिले में संत रविदास की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने की पहल शुरू हो गई है।



