गौरा ने फर्राटे से सुनाया चार का पहाड़ा,नन्ही छात्रा के आत्मविश्वास से प्रभावित हुए कलेक्टर आशीष तिवारी, विद्यालय प्रभारी की पहल की सराहना; डेस्क-बेंच, डिजिटल बोर्ड, पुस्तकालय और अतिरिक्त कक्ष की सुविधाओं का मिलेगा लाभ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गौरा ने फर्राटे से सुनाया चार का पहाड़ा,नन्ही छात्रा के आत्मविश्वास से प्रभावित हुए कलेक्टर आशीष तिवारी, विद्यालय प्रभारी की पहल की सराहना; डेस्क-बेंच, डिजिटल बोर्ड, पुस्तकालय और अतिरिक्त कक्ष की सुविधाओं का मिलेगा लाभ
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय गौरा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से सहज एवं आत्मीय संवाद किया। इस दौरान कक्षा-1 की छात्रा राधिका बागरी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ चार का पहाड़ा सुनाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, कक्षाओं और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। बच्चों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षणिक स्तर को समझने का प्रयास किया। इसी दौरान कक्षा-1 की छात्रा राधिका बागरी से उन्होंने चार का पहाड़ा सुनाने को कहा। राधिका ने बिना झिझक और धाराप्रवाह तरीके से पूरा पहाड़ा सुना दिया। उसकी सहजता और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर सहित मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बच्ची की खूब सराहना की।
विद्यालय प्रभारी की पहल बनी चर्चा का विषय
विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण सहायक शिक्षक एवं विद्यालय प्रभारी महेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा स्वयं के व्यय से कराया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यालय की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने अपने वेतन से कई आवश्यक भौतिक संसाधन भी उपलब्ध कराए हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यालय प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की ऐसी सकारात्मक सोच और व्यक्तिगत पहल विद्यालय में बेहतर वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
स्कूल को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
विद्यालय की आवश्यकताओं और बच्चों की सुविधा को देखते हुए कलेक्टर ने स्कूल में भौतिक संसाधनों को मजबूत करने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। विद्यालय में डेस्क-बेंच, डिजिटल बोर्ड, पुस्तकालय कक्ष और अतिरिक्त कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। विद्यालय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत के कार्य भी देखे
विद्यालय निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र गौरा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, व्यवस्थाओं और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। सामुदायिक भवन, पंचायत भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।




