प्रशासनमध्यप्रदेश

हर जरूरतमंद को पक्का घर दिलाने की दिशा में बड़ा कदम: जिलेभर की ग्राम सभाओं में पढ़ी गई पीएम आवास+ 2024 की अंतिम प्रतीक्षा सूची

कलयुग की कलम से राकेश यादव

हर जरूरतमंद को पक्का घर दिलाने की दिशा में बड़ा कदम: जिलेभर की ग्राम सभाओं में पढ़ी गई पीएम आवास+ 2024 की अंतिम प्रतीक्षा सूची

कलयुग की कलम कटनी – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र हितग्राहियों के चयन और प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलेभर की ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के बीच आयोजित इन सभाओं में पीएम आवास+ 2024 सर्वे के अंतर्गत तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया तथा सूची के सत्यापन और अंतिमकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

ग्राम सभाओं में विकास आयुक्त कार्यालय, भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई नियुक्त स्थायी नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान पात्रता संबंधी जानकारी साझा की गई और सूची को पारदर्शी तरीके से ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। जिन ग्राम पंचायतों में कार्य शेष है, वहां 10 जुलाई को भी ग्राम सभाओं का आयोजन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही प्रक्रिया से वंचित न रहे।

ग्राम सभाओं में संबंधित सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सूची के वाचन और सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई।

उल्लेखनीय है कि ग्राम सभाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने पूर्व में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। उनके मार्गदर्शन में जिलेभर में यह प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पारदर्शी चयन प्रक्रिया और ग्राम सभा के माध्यम से सार्वजनिक सत्यापन की यह पहल जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ निष्पक्ष रूप से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button