जनसुनवाई में दिखा प्रशासन का सख्त रुख: 179 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा—’हर शिकायत का हो समयबद्ध समाधान’ मजदूरी भुगतान, आधार कार्ड, अतिक्रमण और पेयजल जैसी समस्याओं पर मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में दिखा प्रशासन का सख्त रुख: 179 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा—’हर शिकायत का हो समयबद्ध समाधान’ मजदूरी भुगतान, आधार कार्ड, अतिक्रमण और पेयजल जैसी समस्याओं पर मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 179 आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मजदूरी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ग्राम बन्दरी निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के दौरान सीसी रोड निर्माण कार्य में 16 दिनों तक मजदूरी की थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत बड़वारा के अधिकारियों को जांच कर शीघ्र मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आधार कार्ड नहीं बनने से पढ़ाई प्रभावित, समाधान के निर्देश
कन्हवारा निवासी बाबूलाल समना रौतेल ने बताया कि उनके नाती का आधार कार्ड लंबे समय से नहीं बन पा रहा है, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर कलेक्टर ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण से बंद हुआ खेत का रास्ता, तहसीलदार को दिए निर्देश
ग्राम बगवारा निवासी 70 वर्षीय मंगल पटेल ने शिकायत की कि पड़ोसी द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर उनके खेत तक जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार बरही को नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बंद हैंडपंप से पेयजल संकट, पीएचई विभाग को तत्काल निर्देश
ग्राम डीघी निवासी राजीव कुमार तिवारी ने गांव के शासकीय हैंडपंप के बंद होने से उत्पन्न पेयजल संकट की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को तत्काल मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।
समयबद्ध निराकरण पर दिया जोर
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



