एक्सक्लूसिव खबरेंदुर्घटनामध्यप्रदेश

सूचना के बाद भी नहीं चेता विभाग: बिजली के स्टे में दौड़े करंट ने छीनी 5 वर्षीय मासूम की जिंदगी, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सूचना के बाद भी नहीं चेता विभाग: बिजली के स्टे में दौड़े करंट ने छीनी 5 वर्षीय मासूम की जिंदगी, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कलयुग की कलम उमरिया पान – कटनी जिले के उमरियापान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी कॉलोनी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम और आक्रोश में डुबो दिया। बिजली के खंभे के स्टे में करंट उतरने से एक 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बम्हनी कॉलोनी निवासी संतोष कोरी का लगभग 5 वर्षीय पुत्र शिव कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी परिसर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वहां लगे बिजली के खंभे के स्टे के संपर्क में आते ही वह तेज करंट की चपेट में आ गया। मासूम को तड़पता देख परिजन और आसपास के लोग तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित स्थान पर बिजली के खंभे के स्टे में करंट आने की समस्या की जानकारी पहले भी बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते आवश्यक सुधार कार्य नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि विभाग ने शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की होती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बम्हनी कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की। सूचना मिलने पर अभी समाचार लिखे जाने तक  सिर्फ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची  है  लोगों को समझाइश देकर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button