डिजिटल ठगों पर पुलिस का प्रहार: ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान से जिलेभर में साइबर सुरक्षा का अलख,विद्यालयों से लेकर औद्योगिक प्रतिष्ठानों तक जागरूकता अभियान तेज, ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
कलयुग की कलम से राकेश यादव

डिजिटल ठगों पर पुलिस का प्रहार: ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान से जिलेभर में साइबर सुरक्षा का अलख,विद्यालयों से लेकर औद्योगिक प्रतिष्ठानों तक जागरूकता अभियान तेज, ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
कलयुग की कलम कटनी / स्लीमनाबाद- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ के चौथे दिन शनिवार को कटनी जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में नागरिकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को साइबर अपराधों के नए तरीकों से सतर्क रहने तथा डिजिटल सुरक्षा अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में एक औद्योगिक इकाई में कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए साइबर सुरक्षा विषयक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं, इसलिए हर नागरिक को डिजिटल लेन-देन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को मजबूत पासवर्ड रखने, सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा बढ़ाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने तथा किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ई-मेल, वीडियो कॉल या मोबाइल एप पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करने की सलाह दी। ऑनलाइन बैंकिंग या भुगतान केवल अधिकृत वेबसाइटों और विश्वसनीय एप के माध्यम से करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
वहीं, स्लीमनाबाद अनुभाग में एसडीपीओ श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी ने पचई राम जायसवाल शासकीय माध्यमिक शाला, पड़वार में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। अंत में सभी ने स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति सचेत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीएसपी श्रीमती नेहा पच्चीसिया, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक, थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।



