प्रशासनमध्यप्रदेश

30 जून को जल संरक्षण का बनेगा महाअभियान: जिले की हर ग्राम पंचायत में होगा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का भव्य समापन,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश— जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ विशेष ग्राम सभाएं होंगी आयोजित, जल संरक्षण का लिया जाएगा सामूहिक संकल्प

कलयुग की कलम से राकेश यादव

30 जून को जल संरक्षण का बनेगा महाअभियान: जिले की हर ग्राम पंचायत में होगा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का भव्य समापन,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश— जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ विशेष ग्राम सभाएं होंगी आयोजित, जल संरक्षण का लिया जाएगा सामूहिक संकल्प

कलयुग की कलम कटनी – जिले में जल संरक्षण और जनभागीदारी को नई दिशा देने वाले ‘जल गंगा संवर्धन अभियान–2026’ का समापन 30 जून को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में समारोहपूर्वक किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिनमें अभियान की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण, जनसहभागिता का सम्मान तथा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि समापन कार्यक्रम गरिमामय एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

ग्राम सभाओं में प्रस्तुत होंगी अभियान की उपलब्धियां

सीईओ सुश्री कौर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल जल संरक्षण संबंधी कार्यों का क्रियान्वयन ही नहीं, बल्कि समाज में जल सुरक्षा के प्रति स्थायी जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा में अभियान के दौरान किए गए कार्यों, निर्मित जल संरचनाओं, जनसहभागिता आधारित गतिविधियों तथा लाभान्वित परिवारों की जानकारी विस्तार से साझा की जाएगी।

प्रदर्शनी के माध्यम से दिखेगी अभियान की सफलता

समापन कार्यक्रमों में जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों, निर्मित जल संरचनाओं, सामुदायिक सहभागिता और अभियान की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व और अभियान की उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन, जल संरक्षण का दोहराया जाएगा संकल्प

विशेष ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा तथा जल संरक्षण और जल सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया जाएगा। साथ ही ग्राम सभा के निर्धारित एजेंडे के अनुसार अन्य विकासात्मक विषयों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

जल बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी पर रहेगा विशेष जोर

जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का मूल उद्देश्य समाज में जल संरक्षण के प्रति दीर्घकालिक सोच विकसित करना और जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। अभियान का समापन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प होगा।

Related Articles

Back to top button