स्कूल पहुंचे एसपी, बच्चों को दिया सफलता का मंत्र: पढ़ाई के साथ साइबर सुरक्षा का भी कराया संकल्प,स्कूल चलें हम’ अभियान में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों से किया संवाद, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए आसान उपाय
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्कूल पहुंचे एसपी, बच्चों को दिया सफलता का मंत्र: पढ़ाई के साथ साइबर सुरक्षा का भी कराया संकल्प,स्कूल चलें हम’ अभियान में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों से किया संवाद, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए आसान उपाय
कलयुग की कलम कटनी – जिले में संचालित ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलवारा में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव प्रेरणा और जागरूकता का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का महत्व बताया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
अपने प्रेरक संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देती है। अनुशासन, ईमानदारी और अच्छे संस्कार किसी भी विद्यार्थी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता व शिक्षकों का सम्मान करने का आह्वान किया।
साइबर अपराधों से बचने के बताए प्रभावी उपाय
कार्यक्रम के दौरान SafeClick 2.0 अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर अधिकांश साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व मित्रों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
शिक्षा, अनुशासन और साइबर जागरूकता का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ— “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधों से स्वयं भी बचें तथा दूसरों को भी जागरूक करें।”



